भाजपा के एजेण्ट के रूप में कार्य करते हैं मुलायमः इन्द्रजीत सरोज
https://husainijnp.blogspot.com/2015/05/blog-post_39.html
आज तक टाइम्स
जौनपुर। सपा सुप्रीमो
मुलायम सिंह यादव भाजपा के एजेण्ट के रूप में कार्य करते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले
प्रदेश में कई दंगे हुये जिसका लाभ भाजपा को मिला। ये दंगे भाजपा को लाभ पहुंचाने के
लिये एक सोची-समझी सपा की चाल थी। उक्त बातें बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव
इन्द्रजीत सरोज ने बरसठी विकास खण्ड कार्यालय के सामने मछलीशहर विस प्रत्याशी सुशीला
सरोज द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये कही। इसी क्रम में अन्य
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में एक नहीं, बल्कि 4-4 मुख्यमंत्री हैं। प्रथम मुलायम सिंह यादव, दूसरे
प्रो. राम गोपाल, तीसरे शिवपाल यादव एवं चौथे अखिलेश यादव व आजम
खां हैं। वाराणसी मण्डल कोआर्डिनेटर रमाशंकर राजभर ने जहां प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार
किया, वहीं
कहा कि नरेन्द्र मोदी के झूठ बोलने के पाप को धरती भी नहीं सह सकी। विशिष्ट अतिथि डा.
मदन लाल ने कहा कि विकास की बात करना ही सपा सरकार नहीं जानती। आज प्रदेश में कानून
का राज समाप्त हो गया है। अन्त में सभी वक्ताओं ने मछलीशहर की प्रत्याशी सुशीला सरोज
को जहां विजयी बनाने की अपील किया, वहीं कहा कि श्रीमती सरोज क्षेत्र के विकास
हेतु जैसे आज संघर्ष कर रही हैं, वैसे सदैव करती रहेंगी। अन्त में सुशीला सरोज
ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बसपा जिलाध्यक्ष
अमरजीत गौतम ने किया। इस अवसर पर रमाशंकर भारत, वीपी
सरोज, डा.
रामकुमार कुरील, रामचन्द्र गौतम आदि उपस्थित रहे।
