aajtaktimes

जौनपुर पत्रकार संघ के तत्वाधान में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर हुई संगोष्ठी

जौनपुर । लंबे अर्से से जन सामान्य व हिंदी पत्रकारिता के बीच अहम रिश्ता कायम है। विश्वसनीयता व निष्पक्षता ही हिंदी पत्रकारिता की पूंजी है। इसे हर हाल में बनाए रखना पत्रकारों का दायित्व है।
उक्त बातें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव ने शनिवार को कही। वे जौनपुर पत्रकार संघ द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित पत्रकार संघ भवन में आयोजित 'डिजिटल युग में हिंदी पत्रकारिता' विषयक संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि जैसे समाज के अंतिम व्यक्ति के होठों पर मुस्कान लोक कल्याणकारी शासन का दायित्व है उसी तरह समाज के दबे-कुचले निरीह व कमजोर लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उसके निराकरण हेतु जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट कराना हिंदी पत्रकारिता से जुड़े लोगों का कर्तव्य होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे लोगों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उसके निस्तारण की जरूरत भी जताई।
संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे पूर्व राज्यपाल माता प्रसाद ने अपने संबोधन में हिंदी पत्रकारिता की समाज व देश के उत्थान में अहम योगदान की चर्चा की। उन्होंने अन्य भाषाओं के बोलचाल वाले शब्दों को हिंदी भाषा में समावेश पर बल देते हुए कहा कि इससे यह और समृद्ध होगी।
उन्होंने समाचार पत्र लेखन में वर्तनी पर विशेष ध्यान की जरूरत जताई।
आरंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
अतिथियों का स्वागत करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं पर भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया।
इसके पूर्व विषय प्रवर्तन करते हुए प्रो.पीसी विश्वकर्मा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का राष्ट्रोत्थान में अहम योगदान है। बंगाल से शुरू हुई हिंदी पत्रकारिता आज अत्यंत व्यापक हो चुकी है। समाज शास्त्री प्रो.आरएन त्रिपाठी ने डिजिटल वर्ल्ड की चर्चा करते हुए इसके हिंदी पत्रकारिता से समन्वय की जरूरत बताई।
पूविवि के पत्रकारिता विभाग के डा.मनोज मिश्रा ने डिजिटल पत्रकारिता का उल्लेख करते हुए इसकी खामियों पर भी ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने तेजी से बदले परिवेश में सोशल मीडिया की चर्चा करते हुए जहां इसकी खूबियां गिनाई वहीं इससे होने वाली संभावित परेशानियों पर भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया।
समारोह में लोलारक दूबे, कपिलदेव मौर्या, राजकुमार सिंह, शशि मोहन सिंह क्षेम, अखिलेश तिवारी अकेला आदि ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
संचालन संघ के महामंत्री डा.मधुकर तिवारी ने किया।
इस मौके पर दीवानी बार अध्यक्ष सत्येंद्र बहादुर सिंह, मंत्री कामरेड जय प्रकाश सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्रभान सिंह, शिव मोहन श्रीवास्तव नवाब, देवानंद मिश्र, आनंद मिश्रा, सुरेंद्र त्रिपाठी, वशिष्ठ नारायण सिंह, शिक्षक नेता अतुल यादव, मेंहदी रजा के अलावा बड़ी तादाद में पत्रकार मौजूद रहे।

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item