aajtaktimes

BCCI अध्यक्ष जगमोहन डालमिया के निधन पर क्या कहा दिग्गजों ने

कोलकाता क्रिकेट जगत के सबसे प्रभावशाली प्रशासकों में से एक रहे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया का दिल का दौरा पड़ने के कारण एक अस्पताल में निधन हो गया। डालमिया को क्रिकेट के खेल में धन लाने के लिए याद किया जाएगा। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें गुरूवार (17 सितंबर) की रात कोलकाता के बी एम बिड़ला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 75 साल के डालमिया के परिवार में उनकी पत्नी चंद्रलेखा, बेटी वैशाली और बेटा अभिषेक हैं।
इस दिग्गज क्रिकेट प्रशासक के निधन की पुष्टि करते हुए अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि आंतरिक रक्तस्राव और अंगों के काम करना बंद कर देने से डालमिया का निधन हो गया। बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के सूत्रों ने बताया कि शाम छह बजे उनकी हालत बिगड़ गई और इसके तुरंत बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा जिससे वह उबर नहीं पाए। डालमिया के निधन ने क्रिकेट जगत को शोकाकुल कर दिया है। पूर्व क्रिकेटरों और प्रशासकों ने डालमिया के निधन पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है | राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया कि श्री जगमोहन डालमिया के निधन पर हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि संकट की इस घड़ी में श्री जगमोहन डालमिया के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर श्री डालमिया की आत्मा को शांति प्रदान करे। बीसीसीआई ने अपने अध्यक्ष के निधन पर शोक जताया और कहा कि क्रिकेट जगत को इस अनुभवी प्रशासक की कमी बहुत खलेगी।
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने बयान में कहा कि बीसीसीआई के सभी सदस्यों की ओर से मैं डालमिया के शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जाहिर करता हूं। भारतीय क्रिकेट में पितातुल्य डालमिया ने भारत में क्रिकेट के खेल के विकास के लिए काम किया। क्रिकेट जगत को उनकी काफी कमी खलेगी। उन्होंने कहा कि डालमिया ने भारतीय क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और उनके अंदर के चतुर प्रशासक ने भारतीय क्रिकेट को उंचाइयों तक पहुंचाने में मार्गदर्शन किया। उनके प्रयासों को पीढ़ियों तक याद किया जाएगा और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की बराबरी नहीं की जा सकेगी।
मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण, रोहित शर्मा, शिखर धवन सहित कई अन्य क्रिकेट हस्तियों ने भी डालमिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। तेंदुलकर ने ट्वीट किया कि जगमोहन डालमिया के परिवार एवं मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं। उनसे जून में मिला था। बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी।
सचिन ने लिखा कि उन्होंने सालों तक जितना समर्थन दिया और जितना प्रोत्साहित किया, उसे हमेशा याद रखूंगा। क्रिकेट के खेल के लिए उन्होंने काफी मेहनत की और एक प्रशासक के तौर पर बेहतरीन काम किया। ईडन गार्डन्स में मेरे आखिरी से पहले वाले टेस्ट मैच को खास बनाने के लिए उनकी ओर से की गई कोशिशों से मैं भावुक हो गया था। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे जगमोहन डालमिया।
लक्ष्मण ने ट्वीट किया कि डालमिया जी के निधन के बारे में सुनकर काफी दुखी हूं। शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
सुरेश रैना ने ट्वीट किया कि भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी क्षति । डालमिया जी ने हमेशा मार्गदर्शन किया। सर, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
रोहित शर्मा ने लिखा कि डालमिया सर, आपकी आत्मा को शांति मिले। परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।
बीजेपी सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति झा आजाद ने कहा कि मैं उन्हें व्यक्तिगत तौर पर जानता था। देश के लिए यह बड़ी क्षति है। यदि क्रिकेट में कोई पैसा लेकर आया, तो वह डालमिया थे। यदि बीसीसीआई इस मुकाम तक पहुंची है तो डालमिया के कारण।
भारतीय टीम के ऑफ-स्पिनर आर अश्विन ने डालमिया को एक कुशल प्रशासक करार दिया |

Related

World 3335472516566713004

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item