भाजपा नेता की आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत
https://husainijnp.blogspot.com/2015/11/blog-post_428.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। भाजपा नेता जिला पंचायत सदस्य बम्बा प्रसाद रावत ने शनिवार को उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर प्रधान पद के चुनाव में दबंगों द्वारा आचार संहिता की धज्जियां उड़ाए जाने की शिकायत की है। उच्चाधिकारियों को भेजे गए अपने शिकायती पत्र में उन्होने लिखा है कि वर्तमान समय में ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। धनौली खास पंचायत इस बार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। बावजूद इसके पंचायत के कुछ दबंग लोग मतदाताओं पर दबाव बनाने की खातिर अपने फोटो युक्त बैनर पोस्टर लगवा रहे है। उन्होने बताया कि पंचायत के सुनील मिश्र ने अपने समर्थित प्रत्याशी कन्धई रावत के पोस्टर में उसकी फोटो के बजाय खुद अपना फोटो लगवाकर मतदाताओं पर दबाव बना रहे है। यह सब चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। उधर भेंदुवा बहरेला पंचायत में एक प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं में साड़ी बिछिया बंटवाए जाने की शिकायत मिली है। पता चला है कि यहां इस प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं को प्रलोभित करने की खातिर भण्डारा नानवेज शराब व पैसा भी बांटा जा रहा है लेकिन पुलिस प्रशासन कुछ करने की बजाय आंख मूंदे बैठा है।

