महरूपुर के निर्दोष लोगों पर कहर बनकर टूट रही है पुलिस
https://husainijnp.blogspot.com/2015/12/blog-post_95.html
जौनपुर। बीते दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के दौरान जनता व पुलिस के बीच हुई मारपीट व आगजनी के मामले में अब पुलिस ग्रामीणों पर कहर बनकर टूट पड़ी है। पुलिसिया खौफ से गांव के सारे पुरूष, युवा, बच्चे आदि गांव छोड़कर भाग गये हैं। इधर रात के अंधेरे में पुलिस का हुजूम गांव में कहर बरपा रहा है। घर पर ताला लटकता देख पुलिस अपना गुस्सा घर के सामानों पर उतार रही है। मोटर, गाड़ी, पंखा, कूलर, फ्रीज, बर्तन, चारपाई आदि तोड़ दे रही है। यहां तक कि घर में लगे इलेक्ट्रिक बोर्ड को भी नहीं छोड़ रही है। हालांकि पुलिस ने इस मामले 18 महिलाओं को जेल भेज दिया है। मालूम हो कि जफराबाद थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव में बीते 1 दिसम्बर को पंचायत चुनाव के दौरान बोगस वोेटिंग को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को खदेड़ दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। जाम को समाप्त कराने पहुंची पुलिस से पहले ग्रामीणों में तीखी नोक-झोक हुई जिसके बाद अचानक मारपीट और ईंट-पत्थर चलने शुरू हो गये। इस वारदात में आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हो गये। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की 2 जीप व जल निगम विभाग का 1 वाहन फूंक दिया। अब पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिये जो हथकण्डे अख्तियार किया, उसको देखने से रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं। गांव के सभी घर में लटकते ताले और बाहर खड़ी कार, मोटरसाइकिलें, टूटी चारपाई, कुर्सियां, तोड़े-मरोड़े गये, पंखे, टीवी, फ्रीज समेत अन्य सामानों की यह हालत पुलिस ने इसलिये किया, क्योंकि इसके मालिकान घर छोड़कर भागे हुये हैं। हालत यह हो गया है कि बेजुबां जानवरों को कोई चारा देने वाला ही नहीं है जिसके कारण सभी भूख-प्यास से तड़प रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मुख्य आरोपियों को पकड़ नहीं पा रही है, इसलिये गांव के बुजुर्ग, पुरूष, महिलाओं आदि का उत्पीड़न कर रही है जिसके कारण पूरे गांव के लोग घर छोड़कर पलायन कर चुके हैं। पुलिस गांव आती है तो घर पर लटकता ताला देखकर सामानों पर अपना खीज उतार रही है।

