गोद लिये गांव का DM ने किया निरीक्षण, दिया निर्देश
https://husainijnp.blogspot.com/2015/12/dm_30.html
जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने सिरकोनी विकास खण्ड में राज्य पोषण मिशन के तहत जिलाधिकारी द्वारा गोद लिये गये गांव नाथूपुर में आंगनवाड़ी एवं एएनएम के रजिस्टर का निरीक्षण किया। साथ ही गर्भवती, धात्री महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों के ग्रोथ चार्ट रजिस्टर का अवलोकन किया जिस पर समय पर निर्धारित टीके आदि न लगाने व डियूलिस्ट न उपलब्ध कराने पर नाराजगी व्यक्त किया। इसी दौरान आंगनवाड़ी संगीता व रीता यादव द्वारा गर्भवती महिलाओं का वजन कम दिखाने व उन्हें पौष्टिक आहार दुगुना न देने, 15 में से 6 महिलाओं का प्रसव घर पर होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये जिला कार्यक्रम अधिकारी को इनके विरूद्ध कार्यवाही करने का निर्देश दिया। इस दौरान एएनएम अनीता मिश्र द्वारा बताया गया कि उन्हें पहले एएनएम द्वारा रजिस्टर चार्ज में नहीं दिया गया है जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दिनेश यादव को एएनएम प्रभारी चिकित्साधिकारी के गैरजिम्मेदारी से कार्य करने पर कार्यवाही करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी, सुपरवाइजर, इंचार्ज सीडीपीओ को निर्देशित किया कि सभी रजिस्टर दो दिन के भीतर ठीक करायें तथा सभी को कार्य करने एवं रजिस्टर तैयार करने के बारे में प्रशिक्षित करें। आगामी 2 जनवरी दिन शनिवार को जिलाधिकारी द्वारा पुनः निरीक्षण किया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. दिनेश यादव, डा. आरके सिंह, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, थानाध्यक्ष आशुतोष तिवारी आदि उपस्थित रहे।
