स्पेन के PM को 17 साल के लड़के ने जड़ा घूंसा
https://husainijnp.blogspot.com/2015/12/pm-17.html
मैड्रिड। बुधवार को स्पेन के प्रधानमंत्री मारियानो राजोय को अजीबोगरीब स्थिति का सामना करना पड़ा। चुनाव प्रचार के दौरान 17 वर्षीय एक लड़के ने पीएम के मुंह पर जबरदस्त मुक्का दे मारा जिससे उनके चेहरे पर चोट आई है। यह घटना गैलेसिया के उत्तर-पश्चिम में एक कैंपेन के दौरान हुई, जिसमें प्रधानमंत्री का चश्मा चकनाचूर हो गया। हालांकि पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्त में ले लिया है।
सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पॉपुलर पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि घटना के वक्त 60 वर्षीय प्रधानमंत्री रविवार को होने वाले चुनाव के कैंपेन के लिए पोन्टेवेड्रा शहर में पैदल चल रहे थे। तभी एक लड़का उनके पास आया और अचानक उनके चेहरे पर मुक्का दे मारा और उनका चश्मा तोड़ दिया। सूत्र ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री ने इस घटना के बाद भी अपनी यात्रा जारी रखी और उनकी हालत ठीक है। पुलिस सूत्र ने भी नाम नहीं लेने की शर्त पर बताया कि पीएम को मुक्का मारने वाला किशोर 17 वर्षीय नाबालिग है और उसे हिरासत में ले लिया गया है।

