गर्भवती महिलाओं की 5 प्रकार की जांच करेगी टीमः DM
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/5-dm.html
जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द गोस्वामी की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षाग्रह में ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस कार्यशाला आयोजित हुई जहां जनपदस्तरीय अधिकारियों सहित विकास खण्डों में कार्यरत एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर बताया गया कि मातृत्व सप्ताह 27 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित है जिसमें जनपद के 40 जिलास्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी है जो अपने भ्रमण केन्द्रों पर नियत तिथि को जाकर सभी गर्भवती महिलाओं के 5 प्रकार की जांच करेंगे। यथा- उनका वजन, टीकाकरण, ब्लड प्रेशर की जांच, हीमोग्लोेबीन की जांच, पेशाब की जांच सहित आयरन की गोली आदि के कार्यों को देखेंगे तथा उपलब्ध प्रारूप-5 से 13 तक के प्रपत्रों पर अपनी आख्या तैयार कर प्रस्तुत करेंगे। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि उच्च जोखिम किस्म की गर्भवती महिलाओं की जांच करने के उपरान्त उन्हें चिन्हित करते हुये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र या जिला अस्पताल में रेफर करा दिया जाय, ताकि उन्हें उचित उपचार कराया जा सके। कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दिनेश यादव ने कार्यक्रम की महत्ता एवं विभिन्न प्रकार की जांच व उसके सामान्य स्तर पर विस्तृत प्रकाश डाला। इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि अशोक उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी परमहंस यादव, सभी सीडीपीओ आदि उपस्थित रहे।
