ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जिला प्रशासन को सौंपा चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_112.html
जौनपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद इकाई के प्रतिनिधियों ने जिलाध्यक्ष गुलाब चन्द पाण्डेय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को सम्बोधित 4 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि एसोसिएशन वर्ष 1986 से सम्पूर्ण प्रदेश में ग्रामीण पत्रकारों का प्रतिनिधित्व करता चला आ रहा है। इतना ही नहीं, ग्रामीणंाचल में कार्यरत पत्रकारों की समस्या को लेकर निरन्तर संघर्षशील भी है। ग्रामीण पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अनेक बार प्रदेश शासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया जिसके फलस्वरूप 29 मई 1993 को प्रदेश के तत्कालीन महामहिम राज्यपाल के आदेश पर एसोसिएशन की समस्याओं पर विचार-विमर्श करने हेतु 4 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति ने अपनी रिपोर्ट उसी वर्ष शासन को प्रस्तुत भी कर दिया थी किन्तु अभी तक उनमें से केवल 1 मांग यथा जिले में गठित होने वाली स्थायी समितियों में एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व देने के अलावा अन्य किसी बिन्दु पर कोई कार्यवाही नहीं की गयी जिसके चलते एसोसिएशन ने उपरोक्त ज्ञापन सौंपते हुये मांग किया कि ग्रामीण पत्रकार आयोग का गठन किया जाय तथा दैनिक पत्रों के प्रकाशन के जिले में तहसील एवं उसी जिले में समाचार की दृष्टि से अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के पत्रकारों के मान्यता सम्बन्धी निर्गत शासनादेश में संशोधन करके उक्त स्थानों की उन सभी पत्रकारों को मान्यता प्रदान करते हुये सुविधा दी जाय जो किसी भी जनपद से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता हैं। साथ ही मान्यता के लिये जिलास्तरीय शर्त पूरी करने सम्बन्धी बाध्यता को शिथिल किया जाय और पत्रकारों की सुरक्षा हेतु प्रदेश के सभी जिलाधिकारी को समुचित एवं प्रभावशाली निर्देश दिया जाय। इसके अलावा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश प्रेस मान्यता समिति एवं विज्ञापन मान्यता समिति सहित पत्रकारों की अन्य गठित होने वाली समितियों में उचित प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाय। प्रतिनिधिमण्डल में राजेन्द्र सोनी, बृजनन्दन स्वरूप, गुलाब चन्द मधुकर, राजकेशर एडवोकेट, कृपाशंकर यादव, उमाकान्त गिरि सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।

