aajtaktimes

पढ़ाई के साथ खेलकूद भी होता है आवश्यकः राज बहादुर यादव


जौनपुर। परिषदीय विद्यालयों की ब्लाकस्तरीय शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को बीआरसी परिसर में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ जहां क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आये स्कूली छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं दिव्यांग बच्चों के प्रदर्शन को देखकर लोग मंत्र-मुग्ध हो गये। इसके पहले कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव ने झण्डारोहण करके किया जिसके बाद उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य व सर्वांगीण विकास के लिये पढ़ाई के साथ खेलकूद आवश्यक है। शानदार कार्यक्रम के लिये उन्होंने बीआरसी सहित क्षेत्र से सभी शिक्षकों को साधूवाद दिया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों के खेल में सुई-धागा प्रतियोगिता में नीलू व नन्दिनी, जलेबी दौड़ में सन्तोष कुमार, छूकर पहचानो में गंगोत्री व चम्मच दौड़ में सेजल ने बाजी मारी जिन्हें मुख्य अतिथि ने नगद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में जूनियर बालिका आलेखन में पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुरुआर पट्टी की छात्रा निष्ठा सिंह, सामान्य ज्ञान में प्राथमिक विद्यालय सुरुआर पट्टी की छात्र अनिकेत, जूनियर कला वर्ग में गोरखनाथ प्रजापति, कुल्हनामऊ खास के अजय गौतम, सामान्य ज्ञान बालिकाओं के सीनियर वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय डीह जहानियां की छात्रा बेबी प्रजापति, जूनियर बालिका 100 मीटर दौड़ में साधना तो बालक में इब्राहिमाबाद के रवि, 50 मीटर की दौड़ में छतौली की अंकिता में बाजी मारी। 100 मीटर प्राथमिक बालक में डीह जहानियां के जय प्रकाश व बालिका में सोनम, कबड्डी में जूनियर बालिका में लाखौंवा प्रथम तो जूनियर बालक में जाम प्रथम आया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकांकी में न्याय पंचायत बड़ौना प्रथम, समूह नृत्य में इब्राहिमाबाद प्रथम, प्राथमिक विद्यालय घोरहा दुर्गापार प्रथम, कौव्वाली व पीटी प्रदर्शन में जीपी चौरसिया विद्यालय के छात्राओं ने बाजी मारी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक नन्दराम कुरील व प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसी क्रम में खण्ड शिक्षा अधिकारी संजीव सिंह, विश्वजीत कुमार व वरिष्ठ सह समन्वयक सुशील उपाध्याय ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित अवकाशप्राप्त शिक्षक विजय बहादुर सिंह व संचालन संयुक्ता सिंह व सुनील सिंह ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता के निर्णायकों में ब्लाक अध्यक्ष राजेन्द्र यादव, दीपक यादव, रामचन्दर यादव, विनय सिंह, शैलेश चतुर्वेदी, राजेन्द्र प्रताप सिंह, अशोक राजभर, शैलेन्द्र सिंह, मृत्यंजय सिंह, गोकुल चौरसिया, अनन्त यादव आदि प्रमुख थे।

Related

UP 5591807500387117006

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item