aajtaktimes

सड़क दुर्घटनाओं में मां-बेटे सहित तीन की हुई मौत

जौनपुर। जनपद के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर स्थित गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर गांव में ट्रक की चपेट में आने से टैम्पो पलट गयी जिसके चलते चालक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि उस पर सवार आधा दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गये। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिस को सूचना दिया जिस पर मयफोर्स पहुंचे थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव, उपनिरीक्षक पन्ने लाल ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेजकर सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बता दें कि उस पर सवार सभी छात्र बीकाम के छात्र हैं जो कोचिंग पढ़ने के लिये गौराबादशाहपुर से जौनपुर आ रहे थे कि रास्ते में ही हादसे के शिकार हो गये।
दूसरी घटना बदलापुर थाना क्षेत्र के सल्तनत बहादुर इण्टर कालेज सरोखनपुर के सामने की है जहां रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दिया जिसकी चपेट में आने से उस पर सवार मां-बेटे की मौत हो गयी जबकि बाइक चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होने पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दिया जिस पर पहुंचे थानाध्यक्ष क्षितिज त्रिपाठी ने मृतकों के शव का पंचनामा करके अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। साथ ही घायल को उपचार हेतु स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां हालत नाजुक होने पर बेहतर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां समाचार लिखे जाने तक उसका उपचार चल रहा था। पुलिस के अनुसार मृतकों में सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी सीता मौर्या 28 वर्ष व उनका 1 वर्षीय पुत्र है जबकि घायल मृतका के पिता राम अवध निवासी धरौहरा जिला प्रतापगढ़ हैं जो बाइक से विंध्यवासिनी मंदिर गुलजारगंज दर्शन हेतु जा रहे थे कि हादसे के शिकार हो गये। बस को बक्शा थाना पुलिस ने घेराबंदी करके पकड़ लिया।

Related

UP 261192107355880224

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item