लेखपाल भर्ती लिखित परीक्षा की साक्षात्कार की तिथि घोषित
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_842.html
जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने बताया कि लेखपाल भर्ती लिखित परीक्षा 2015 में साक्षात्कार हेतु अर्ह पाये गये अभ्यर्थियों को काल लेटर पंजीकृत डाक से भेजा गया है। साक्षात्कार हेतु अर्ह पाये गये अभ्यर्थियों का साक्षात्कार निम्न कार्यक्रम के अनुसार राजकीय पालिटेक्निक जगदीशपुर में लिया जायेगा। साक्षात्कार हेतु रिपोर्टिंग का समय प्रातः 8 बजे, साक्षात्कार का समय प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। साक्षात्कार 8 से 16 फरवरी तक प्रत्येक दिवस 269 अभ्यार्थियों का साक्षात्कार लिया जायेगा। 17 फरवरी को 271 अभ्यार्थियों का साक्षात्कार लिया जायेगा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि साक्षात्कार हेतु आने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार स्थल पर मोबाइल फोन, पेजर, स्कैनर, कैमरा सहित इलेक्ट्रानिक उपकरण या किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री ले आना अनुमन्य नहीं है। साक्षात्कार के समय अभ्यर्थी माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा या सरकार द्वारा इसके समकक्ष मान्यताप्राप्त परीक्षा के प्राप्त अंक पत्रों/प्रमाण पत्रों की मूलप्रति व अभिप्रमाणित प्रति अनिवार्य रूप से लायंें। अभ्यर्थी अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज (आवक्ष) फोटोग्राफ जो किसी राजपत्रित अधिकारी अथवा प्रधानाचार्य, जहां अभ्यर्थी अंतिम परीक्षा पायी हो, अथवा विभागाध्यक्ष द्वारा अभिप्रमाणित किया गया हो व 2 बिना अभिप्रमाणित नवीनतम पासपोर्ट साइज (आवक्ष) फोटोग्राफ अवश्य लायें। यदि किसी आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थी होने का दावा किया हो तो तत्सम्बन्धी प्रमाण पत्र मूल रूप में साक्षात्कार के समय अवश्य लायें एवं उसकी एक अभिप्रमाणित प्रति भी प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य होगा। समाज के विकलांग श्रेणी के अभ्यर्थी शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप पर अपने जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रदत्त विकलांगता का प्रमाण पत्र अवश्य प्रस्तुत करें। उत्तर प्रदेश की महिला अभ्यर्थी को पिता पक्ष से सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जाति/जनजाति के अभ्यर्थी नवीनतम अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र, जो 6 माह से अधिक पुराना न हो, साथ में अवश्य लायें। अधिमानी अर्हताएं यथा प्रादेशिक सेना में न्यूनतम 2 वर्ष की अवधि तक की सेवा अथवा राष्ट्रीय कैडेट कोर का बी प्रमाण पत्र का दावा करने वाले अभ्यर्थी मूल प्रमाण पत्र भी साक्षात्कार के समय अवश्य लायें। केन्द्र अथवा राज्य सरकार के अधीन कार्यरत अभ्यर्थियों को उनके सेवायोजक का अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साक्षात्कार हेतु पृथक से कोई शुल्क देय नहीं होगा। उक्त वर्णित मूल अभिलेख न प्रस्तुत करने पर या उनके गलत/अवैध पाये जाने पर सम्बन्धित अभ्यर्थी को साक्षात्कार में सम्मिलित नहीं किया जायेगा। साक्षात्कार की तिथि में किसी परिवर्तन का प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं होगा। साक्षात्कार से सम्बन्धित किसी कठिनाई/समस्या का समाधान के लिये हेल्पलाइन नम्बर (05452) 220444 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

