ब्लाक प्रमुख चुनाव की सरगर्मियां हुई तेज, गठजोड़ में लगे प्रत्याशी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_577.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव सम्पन्न होने के पश्चात् ब्लाक प्रमुखी चुनाव के लिए गठजोड़ किये जाने व क्षेत्र पंचायत सदस्यों से बाहुबलियों के द्वारा जन सम्पर्क किये जाने की कवायद शुरू हो गयी है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के चुनाव सम्पन्न होने के पश्चात् ब्लाक प्रमुखी चुनाव लड़ने की जन चर्चाओं का बाजार होटलों, खेत, खलिहानों, चौपालों में काफी गर्म दिखायी दे रहा है। किस पार्टी से कौन-कौन उम्मीदवार इस सुरक्षित सीट पर अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए बाहुबलियों के द्वारा किस गांव से कौन-कौन से महानुभाव क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का चुनाव जीते हैं। इसके लिए दूर दराज से क्षेत्र पंचायत सदस्य के विजेता लोगों के पास असरदार लोगों की सिफारिसें आना शुरू हो गयी हैं। एक-एक क्षेत्र पंचायत सदस्य से मुलाकात करके उन पर हामी भरवाने का दौर चल रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य भी कम होशियार नही हैं। वे सभी से हां में हां मिलाते हुए दिखायी दे रहे हैं। कयोंकि वे क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ करके अच्छा खासा तजुर्बा हासिल कर चुकें हैं। जैसा कि मतदाताओं ने उनके साथ किया है। वही रिर्हसल अब भावी ब्लाक प्रमुखी का चुनाव लड़ने वाले महारथियों के साथ वादा करते हुए दिखायी दे रहे हैं। क्षेत्र पंचायत चुनाव में भारी भरकम रकम खर्च करने के बाद वे अपना किसी मायने में नुकसान व जोखिम उठाने के मूड में नही दिखायी दे रहे हैं। यही कारण है कि वे समय का इन्तिजार कर रहे हैं। कि किधर से उनके लिए किस हद तक लाभ दायक ऑफर आता है। एक क्षेत्र पंचायत सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अब चाहे जो चुनाव हो आम आदमी के वश का नही रह गया चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए भारी भरकम रकम खर्च करनी पड़ती है। तब कहीं उम्मीदवार चुनाव जीतते हैं। चुनाव जीतने के प्रथम चरण में तो लोग अपना एक-एक पैसा वसूलना चाहते हैं। जब उनकी तिजोरी भर जाती है। तब वे विकास के बारे में सोंचते हैं। यही कारण है कि आशा के अनुरूप क्षेत्र में विकास नही हो पाता है। ब्लाक प्रमुखी चुनाव के महासमर में कौन-कौन से उम्मीदवार उतरेंगें यह समय के गर्भ में छिपा हुआ है। परन्तु चुनावी जन चर्चाओं का बाजार लोगों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के बीच काफी गर्म दिखाई दे रहा है।

