जिपं अध्यक्ष पद पर अशोक सिंह की ताजपोशी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_647.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। र्निविरोध चुने गए जिला पंचायत अध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह जिला पंचायत डाक बंगले के प्रांगण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अरविन्द सिंह गोप एवं विशिष्ट अतिथि प्राविधिक मंत्री हाज़ी फरीद महफूज किदवई रहे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अशोक सिंह को जिलाधिकारी अजय यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई साथ ही गोपनीयता की भी शपथ दिलाई गयी। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह ने समारोह में आए हुए समस्त नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्य अतिथि ग्राम्य विकास मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप ने उपस्थित जिला पंचायत सदस्यों को बधाई देते हुये कहा कि जनता का विश्वास और साथ दोनो समाजवादी पार्टी को मिला है। यहां की जनता समाजवादी आन्दोलन में संघर्ष की साथी रही है। ऐसे में जनपद के विकास में किसी प्रकार की कोई ढिलाई नही बरती जायेगी और न ही धन की कमी आयेगी। सभी सदस्य पूरी मेहनत और लगन से अपने क्षेत्रों का सर्वागीण विकास करें। जिससे समाज में विकास की एक नई पहल शुरु की जा सके। श्री गोप ने कहा कि जल्द ही सूतमिल के कर्मचारियों और मजदूरों के लिये प्रदेश सरकार कुछ करेगी। सूतमिल को बंद नही होने दिया जायेगा। बुढ़वल शुगरमिल को पुनः चालू कराने का भी आश्वासन देते हुये कहा कि इस विषय पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कई बार बात हो चुकी है। जल्द ही गन्ना किसानों को खुश खबरी मिलेगी। श्री गोप ने कहा कि रामनगर के बाढ़ क्षेत्र का दौरा कर कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने अपना वादा पूरा करते हुये सरकार बनने के बाद 190 करोड़ का तोहफा बांध बनवाने के लिये दिया। जो कार्य प्रगति पर है। समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री हाजी फरीद महफूज किदवाई ने जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह को नसीहत देते हुये कहा कि आंख बंद करके केवल अपने जमीर की आवाज को सुनना आपको राजनीति में कभी धोखा नही मिलेगा। उन्होने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा का जीतना ऐतिहासिक जीत है। इस मौके पर सदर विधायक सुरेश यादव, जैदपुर विधायक रामगोपाल रावत, हैदरगढ़ विधायक राम मगन रावत, जिलाध्यक्ष डा. कुलदीप सिंह, जिलाधिकारी अजय यादव, सीडीओ ऋषिरेन्द्र कुमार, जिला पंचायत सदस्य जवाहर लाल वर्मा, मुकेश सिंह, शकील सिद्दीकी, सुभाष यादव ने अपने विचार रखें। समारोह में कृषि राज्यमंत्री राजा राजीव कुमार सिंह की गैर मौजूदगी में उनके बेटे रिंकू सिंह, अनिल सिंह, जैदपुर चेयरमैन रियाज अहमद, सुबेहा चेयरमैन प्रतिनिधि चौधरी अदनान हुसैन, उ0प्र0 अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के निदेशक इजहार हुसैन, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि धर्मेन्द्र यादव, सपा नेता मुख्तार अहमद शाह, प्रदूषण बोर्ड के सदस्य राजेश यादव‘राजू’, सपा नेता अनिल यादव, एडीएम हरिकेश चौरसिया, एसडीएम नीलम यादव, डीडीओ ए.के सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अन्त में जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी ने उपस्थित जनता जर्नादन का आभार व्यक्त किया। शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न होेने के बाद अपरान्ह 3 बजे जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें उन्होने जिला पंचायत सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण कराये जाने के साथ यह सुनिश्चित किया जायेगा कि उनके मान सम्मान सदैव बना रहे। उन्होने कहा कि विकास कार्यो को जिला पंचायत के सदस्यों के सहयोग से तेजी से लागू करायेगे। इस अवसर पर जिला पंचायत के सदस्यगण मौजूद थे। शपथ ग्रहण के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह ने महादेवा में पूजा अर्चना की व देवा शरीफ पहुंचकर माथा टेका।
कुर्सी तब छोड़ेगे जब राजनीति से खुदा हाफिज़ कहेंगे: फरीद
बाराबंकी। समारोह के दौरान कार्यक्रम का संचालन कर रहे उप्र को-आपरेटिव बैंक के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र वर्मा ने प्राविधिक मंत्री हाज़ी फरीद महफूज किदवई पर चुटकी लेते हुए कहा कि फरीद साहब एक ही जिले में तीन अलग-अलग विधान सभाओं रामनगर, मसौली (वर्तमान जैदपुर) और कुर्सी से विधायक चुने जा चुके है। जिस पर मंत्री हाज़ी फरीद महफूज ने कहा कि यहां की जनता ने उन्हे खाना बदोश बना दिया है। हमारा तो यहां कोई घर नहीं बन पाया। कुर्सी हम तभी छोड़ेगे जब राजनीति से खुदा हाफिज़ कहेंगे। मेरे पास खानदानी विरासत के अलावा कुछ भी नहीं है। जिस पर जनता ने खूब तालियां बजायी और ठहाके लगाए।
अशोक देंगे विकास को गति: सुरेश
सदर विधायक सुरेश यादव ने कहा कि सपा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का अहम योगदान रहा है। ऐसे में अशोक सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाने के बाद गांव-गांव तक विकास का परचम लहरायेगा। अशोक सिंह का जिला पंचायत अध्यक्ष बनना आने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व यह बड़ी जीत है। यह इस बात का प्रमाण है कि जनता में सपा सरकार की नीतियां प्रबल रुप से
शीला का न पहुंचना रहा चर्चा का विषय
बसपा से अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदारी करने वाली निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष शीला सिंह का शपथ ग्रहण समारोह में न पहुंचना चर्चा का विषय रहा। इस दौरान जहां जिला पंचायत सदस्य शीला सिंह समारोह में नही शामिल हुई वहीं दूसरी ओर बसपा प्रत्याशी के रुप में निर्वाचित हुये जिला पंचायत सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण समारोह से खुद को दूर रखा। बताते चलें कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिये बसपा-सपा से दो-दो हाथ करने को बेताब दिख रही थी। लेकिन राजनीति की उठा पटक में सपा ने चारो खाने जीत लिये और र्निविरोध जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अपनी दावेदारी को साबित कर दिया। कहीं न कहीं बसपा समर्थित निर्वाचित प्रत्याशियों और निवर्तमान अध्यक्ष शीला सिंह को इस बात का मलाल तो जरुर रहा होगा कि चुनाव से खुद को अलग करने का फैसला गलत था।
धर्मेन्द्र का अशोक ने किया अभिनन्दन
समारोह के दौरान संचालन कर रहे धीरेन्द्र वर्मा ने जब सदर विधायक के अनुज भाई धर्मेन्द्र यादव का अभिनन्दन करने को अशोक सिंह से कहा तो मौजूद सभी लोग हतप्रभ रह गये। जिसके बाद अशोक सिंह ने धर्मेन्द्र यादव को पुष्प गुच्छ भेटकर उनका अभिनन्दन किया। श्री वर्मा ने कहा कि सपा नेता धर्मेन्द्र यादव ने अपनी पत्नी राजवंती यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का टिकट दिये जाने की कवायद पर खुद ही अन्तिम मोहर लगाते हुये अशोक जी को अपना समर्थन दिया।
औपचारिक रहा शपथ ग्रहण
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही थी। यह शपथ ग्रहण समारोह औपचारिकता मात्र दर्शाया जा रहा था। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह द्वारा नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाये जाने के दौरान सदस्यों द्वारा शपथ पत्र और गोपनीयता की पूरी शपथ लिये बना ही वापस अपने स्थानो पर बैठ गये। जबकि शपथ ग्रहण में ही इस बात की शपथ दिलायी जाती है कि वह पूरी निष्ठा ईमानदारी और निष्पक्ष तरीके से क्षेत्र का विकास करेंगे। शपथ की यह औपचारिकता नवनिर्वाचित सदस्यों को कहीं न कहीं गलत कार्यों को करने में बंदिशे नही डाल पायेगी।
किसानों और मजदूरों की आवाज़ हुई बुलंद
जिला पंचायत सदस्य एवं भाकियू के प्रांतीय महासचिव मुकेश सिंह ने समारोह के दौरान किसानो और मजदूरों की आवाज बुलंद करते हुये उन्हे न्याय दिलाने की मांग कैबिनेट मंत्री अरविन्द सिंह गोप से की। उन्होने कहा कि सूतमिल के बंद होने से सैकड़ों मजदूर बेसहारा और भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है। काफी प्रयासों के बाद भी उन्हे न्याय नही मिल पा रहा है। ऐसा ही कुछ हाल गन्ना किसानों का है। रामनगर की बुढ़वल चीनी मिल के बंद होने से किसानो पर जो बीत रही है उसका दर्द समाजवादी सरकार नही सुन रही है।
खुशी से अशोक हुए गद्गद
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह ने शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित समस्त जिला पंचायत सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद सपा भाजपा व अन्य दलों से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों ने अशोक सिंह को पुष्प गुच्छ भेंट कर व माला पहनाकर स्वागत किया। जिला पंचायत सदस्य मुकेश सिंह ने तो अशोक सिंह को माला पहनाकर गले से लगा लिया। इस दौरान अशोक सिंह को सभी सदस्यों का स्नेह और प्यार मिला। जिससे वह खुशी से गद्गद् नजर आ रहे थे।
