पुलिस ने 3 बदमाशों को किया गिरफ्तार, बाइक व तमंचा बरामद
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/3_23.html
जौनपुर। वाहन चोरों व लूटेरों के खिलाफ चलाये गये अभियान के तहत सरायख्वाजा पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त प्रयास करके 3 वाहन चोरों को गिरफ्तार करने के साथ ही मोटरसाइकिल, मोबाइल, कट्टा व तमंचा भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में पत्रकारों से वार्ता करते हुये आरक्षी अधीक्षक शिवशंकर यादव ने बताया कि पकड़े गये चोरों में राशिद अंसारी उर्फ मोनू निवासी पटैला, शोहराब अंसारी निवासी सहजनपुर थाना खुटहन और मो. अशफाक निवासी किछौछा शरीफ थाना बसखारी जनपद अम्बेडकरनगर हैं जिनके पास से नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल एवं 315 बोर का तमंचा व 2 कारतूस बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इस गिरफ्तारी से बीते 30 जनवरी की घटना का खुलासा हुआ है जिसके बाद आईपीसी की धारा 41, 411, 414, 419, 420, 467, 468, 471, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट और 392, 411 के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी को चालान न्यायालय भेज दिया गया। इस सफलता पर आरक्षी अधीक्षक श्री यादव ने पुलिस टीम को 5 हजार रूपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा किया। पत्रकार वार्ता के दौरान पर अपर आरक्षी अधीक्षक नगर रामजी सिंह यादव भी मौजूद रहे।

