वकीलों ने सीएम का फूंका पुतला, सौपा ज्ञापन
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/blog-post_167.html
अजमी रिज़वी
हैदरगढ़ बाराबंकी। वकील श्रवण कुमार वर्मा की हत्या के विरोध में आज हैदरगढ़ के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने एनएच 56 पर जुलूस निकाल सीएम का पुतला फूंका और ज्ञापन देकर हत्यारोंपियों की गिरफ्तारी एवं मुआवजे की मांग की। उपनिबन्धक कार्यालय के निकट बड़ी संख्या में एकत्रित हुए अधिवक्ताओं ने पहले नवीन तहसील परिसर स्थित बार भवन में मीटिंग कर जबरदस्त आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद जुलूस की शक्ल में बार अध्यक्ष यशकरन तिवारी व महामंत्री कुंवर बहादुर यादव के नेतृत्व में निकले अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंचे और फिर वहां से पैदल ही सिविल कोर्ट तक जाकर सिविल जज प्रदीप शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मृतक परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता एवं उनकी पत्नी को नौकरी उपलब्ध कराने की मांग शामिल थी। दोपहर 12 बजे निकले अधिवक्ताओं के जुलूस की वजह से यातायात बुरी तरह बाधित रहा और वाहन सरपट दौड़ने की बजाय रेंगते नजर आये। इस प्रदर्शन में अध्यक्ष महामंत्री के अलावा हरिकिशोर मिश्रा, अरविन्द बाजपेयी, राम अचल मिश्रा, हरिश्चन्द्र सिंह, दिनेश चन्द्र वर्मा, राम प्रताप सिंह, संजय सिंह, विजयराज सिंह, राम कुमार मिश्रा, अंजनी श्रीवास्तव, अशोक त्रिवेदी, अशफाक हुसैन, जितेन्द्र सिंह के अलावा सैकड़ों अधिवक्ता शामिल थे।

