बंदी के बावजूद गुलजार रहा बाजार, उमड़े खरीददार
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/blog-post_387.html
जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के सभी बाजार बंदी के बावजूद गुलजार नजर आये। मौका था साल के सबसे सस्ते दिन का। सुबह से ही नगर के प्रमुख बाजार कोतवाली चौराहा, हरलालका रोड, चहारसू चौराहा से कसेरी बाजार होते हुए शाहीपुल, ओलंदगंज होते हुए जहांगीराबाद, बदलापुर पड़ाव सहित अन्य मार्गों पर पैर रखने की जगह भी नजर नहीं आ रही थी लग रहा था कि कोई बड़ा मेला लगा हो। पर मौका था सबसे सस्ते दिन का। यहां दुकानदारों ने सभी पुराने स्टाकों को सड़कों पर लगा दिया था और हजारों रुपये का बिकने वाला रेडीमेड कपड़े, महिलाओं के सूट, बच्चों के कपड़े व प्रसाधन के सामान एवं चप्पल, जुते सहित अन्य सामानों को इतने सस्ते दामों पर बेचे जा रहे थे कि खरीददारी के लिए जनसैलाब सड़कों पर उमड़ पड़ा। रेडीमेड कपड़े का काम करने वाले सोनू ने बताया कि इस बार सर्दी कम पड़ने के कारण हम लोगों को कारोबार काफी खराब रहा जिसके चलते गर्म कपड़ों को खरीद से कम दामों पर बेचना पड़ा। नगर में जगह-जगह कपड़ों के सेल लगने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। सुरक्षा की दृष्टि से वोमेन पावर की टीम व पुलिस अधिकारी व सिपाही बाजारों में चक्रमण करते नजर आए। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष राजनाथ गुप्ता ने बताया कि अकेले शहर में रविवार को तीस से चालीस लाख रूपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि गरीबों के लिए यह बाजार गरीबों के लिए किसी दीपावली के कम नही ंहै क्योंकि उन सामानों के दाम काफी कम रहे जो दो महीने पहले आसमान छू रहे थे।


