मुख्यमंत्री का आजीवन ऋणी रहूंगा: राजू
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/blog-post_456.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। विधानसभा चुनाव के दौरान जारी घोषणा पत्र में किये गये सभी वादों को पूराकर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश वासियों के मन में पार्टी और सरकार की बहुत अच्छी छवि बनायी है। मुख्यमंत्री की विकास परक सोच को जनता ने खुले मन से सराहा है। पंचायत चुनावों में पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी के लोगों की भारी जीत इसी का परिणाम है। उक्त विचार स्थानीय टेस्टी बाईट रेस्टोरन्ट में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान स्थानीय निकाय विधान परिषद क्षेत्र से सपा के प्रत्याशी राजेश यादव ‘‘राजू‘‘ ने व्यक्त किये। उन्होने कहा कि पार्टी नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री ने मुझे स्थानीय निकाय विधान परिषद क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी बनाकर गुझ पर विश्वास जताते हुये अपना आशीर्वाद दिया है। उसके लिये मैं आजीवन ऋणी हूं। मेरी पूरी कोशिश होगी कि मैं पार्टी नेतृत्व की कसौटी पर सदैव खरा उतरुं। सपा जिलाध्यक्ष डा. कुलदीप सिंह ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा घोषित प्रत्याशी राजेश यादव ‘‘राजू‘‘ को उम्मीदवारी पूरी तरह से निर्निवादित है। इस निर्णय को पूरे जनपद के सपा नेता व कार्यकर्ताओं ने एक स्वर से स्वीकार करते हुये चुनाव की तैयारियों में जुट गये है। इसके लिये चुनाव प्रबन्ध की दृष्टि से सपा के प्रदेश महासचिव, ग्राम्य विकास मंत्री अरविन्द सिंह गोप के आवास पर कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हो चुकी है। जिसमें चुनाव सम्बन्धी प्रारम्भिक सभी निर्णय लिये जा चुके हैं। सभी मंत्रीगणों विधायकों को विशेषतौर पर अपनी-अपनी विधान सभाओं के मतदाताओं से सम्पर्क कर उन्हे पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट करने की जिम्मेदारी दे दी गयी है। सर्वसम्मत से बेहतर चुनाव संयोजन हेतु पार्टी के अनुभवी एवं जिम्मेदार वरिष्ठ नेता तथा स्थानीय जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार वर्मा को चुनाव संयोजक भी बनाया जा चुका है। सपा जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि पार्टी प्रत्याशी राजेश यादव ‘‘राजू‘‘ अपना नामांकन आगामी 11 फरवरी को जिला मुख्यालय पर करेंगे। उन्होने सभी मतदाताओं से अपील की है कि एकजुट होकर सपा प्रत्याशी का सहयोग करे और जनपद में विकास की धारा को अनवरत बहाने में अपना सहयोग प्रदान करें। प्रेस वार्ता के दौरान प्रमुख रुप से स्थानीय जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष नसीम कीर्ति, अजय वर्मा, बब्लू, ज्ञान प्रकाश मिश्रा, प्रीतम वर्मा सहित कई सपाई उपस्थित रहे।
