ससुराल गये युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला शव
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/blog-post_485.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। ससुराल गये एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों ने साले व ससुर पर हत्या का आरोप लगाते हुये थाने में तहरीर दी। जानकारी के मुताबिक थाना मोहम्मदपुर खाला ग्राम ढखवा निवासी किन्त किशोर (32) पुत्र रामप्रसाद गोस्वामी विगत् रविवार को अपनी ससुराल थाना सतरिख के ग्राम छेदा नगर आया हुआ था। सूत्रों के अनुसार किन्त किशोर का अपने साले बउवा व विनय और पत्नी आरती के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद गांव के बाहर लगभग तीन सौ मीटर दूरी पर जंगल में आम के पेड़ से किन्त किशोर का शव लटका हुआ था। सुबह 6 बजे गांव के विनय ने जब देखा तो इसकी सूचना बउवा व विनय को दी। किन्त के परिवार वालों को जब इसकी सूचना मिली तो आनन फानन मोहम्मदपुर खाला से थाना सतरिख पहुंच गये। मृतक किन्त के भाई अमरीका ने आरोप लगाया कि मृतक की पत्नी आरती व उसके भाईयों ने उसकी हत्या कर दी है। अमरीका ने यह भी बताया कि विगत् रविवार को बउवा अपनी बहन यानि मृतक की पत्नी आरती को लेने के लिये गांव आया हुआ था। किन्त किशोर ने अपनी ससुराल जाने से मना कर दिया और पत्नी को मायके जाने के लिये कुछ पैसे दे दिये। बउवा ने अपने बहनोई किन्त से भी गांव चलने को कहा। बउवा की जिद पर किन्त ससुराल जाने को तैयार हो गया आज सुबह किन्त की ससुराल से किसी का फोन आया कि तुम्हारे भाई ने फांसी लगाकर जान दे दी है। जबकि अमरीका का कहना है कि मृतक की पत्नी आरती अपने पति पर मायके में रहने के लिये दबाव बनाती रहती थी। फिलहाल पुलिस ने मृतक के भाई से लिखित तहरीर ले ली है।

