सड़क हादसे में महिला सहित युवक की मौत, एक ट्रामा रिफर
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/blog-post_510.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। जनपद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में महिला सहित युवक की दर्दनाक मौत व एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसको इलाज के लिये डाक्टरों ने लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम खैरा निवासी कपिल कुमार (23) पुत्र राजकुमार व इसी गांव के रहने वाले प्रवीन कुमार यह दोनो लखनऊ के हुसैनबाद में एक शीशा बनाने वाली कम्पनी में काम करते थे। रोज की भांति रविवार को प्रवीन व कपिल आज सुबह 7ः30 बजे अपने घर से बाइक यूपी 32 ईबी 0962 से लखनऊ कम्पनी में काम करने के लिये जा रहा था। इसी थाना क्षेत्र के डड़ियामऊ लखनऊ मार्ग के पास सुबह कपिल की बाइक में पीछे से ट्रक ने ठोकर मार दी। जिसके चलते बाइक से उछलकर कपिल ट्रक की पहिया के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं प्रवीन गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों की मद्द से प्रवीन को घायल अवस्था में पास के सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उसे ट्रामा सेन्टर रिफर कर दिया। दुघर्टना के बाद ट्रक समेत ड्राइवर मौके से फरार हो गया। वहीं दूसरी घटना थाना कोठी क्षेत्र के ग्राम सदुल्लापुर निवासी रामावती (50) अपनी बहू सरला व पोती स्वाती के साथ बीती देर शाम 7ः30 बजे शौच के लिये सड़क किनारे खेत जा रही थी तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रही बाइक सवार ने ठोकर मार दी। जिसके चलते रामावती गंभीर रुप से घायल हो गयी। साथ में मौजूद सरला ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने सरला को पास के पीएससी में इलाज के लिये भर्ती कराया। नाजुक हालत को देखते हुये डाक्टर ने सरला को जिला अस्पताल रिफर कर दिया। जहां पर देर रात इलाज के दौरान सरला की मौत हो गयी। पुलिस ने दोनो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
