सफदरगंज पुलिस ने सात लुटेरों को किया गिरफ्तार
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/blog-post_533.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। सफदरगंज पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान सात लुटेरों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने लुटेरों के पास से घटना में प्रयुक्त तीन मोटर साइकिल सहित नाजायज असलहों की बरामदगी की है। सीओ सदर विशाल विक्रम सिंह ने पत्रकारों से बताया कि क्राइम ब्रांच व सफदरगंज पुलिस द्वारा विगत् सात फरवरी की शाम 7 बजे कल्यानी नदी पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान शातिर लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गये। गिरफ्तारी के समय लूट में प्रयोग की गयी तीन बाइक, तीन तमंचा मय कारतूस बरामद हुए। सीओ ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किये गये अभियुक्त लालजी यादव पुत्र रामविलास यादव निवासी पतहियापुरवा मजरे दुल्हामऊ, राजपाल उर्फ रामपाल यादव पुत्र रामसेवक निबहापुरवा मजरे जुलहामऊ, राकेश यादव पुत्र जगदीश निवासी पतिहापुरवा मजरे जलुहामऊ थाना मसौली, फुद्दी उर्फ प्रमोद गड़रिया पुत्र रामप्रकाश निवासी बुढ़ानापुर, रहीश पुत्र बहराईची निवासी सिकोहना, महेन्द्र जायसवाल पुत्र प्रेमचन्द्र निवासी सिकोहना, थाना मोहम्मदपुर खाला, शुएब पुत्र मो. रफीक निवासी गांगेमऊ थाना फतेहपुर के हैं। लुटेरों ने सफदरगंज, बदोसरायं, रामनगर में हुई लूट की घटना में शामिल होने की बात कबूल की है। इस तरह पुलिस ने चार मुकदमों का अनावरण करते हुये आधा दर्जन से अधिक मुकदमें सफदरगंज में पंजीकृत होने की जानकारी दी है। अभियुक्त लालजी यादव पर मसौली में तीन, महेन्द्र जायसवाल पर फतेहपुर में एक मुकदमा पहले से ही दर्ज है। सीओं सदर ने यह भी बताया कि 2 फरवरी 2016 को कम्प्यूटर इंजीनियर जो फैजाबाद से लखनऊ जा रहा था को दो मोटर साइकिल से चार बदमाशों ने ओवरटेक कर मोटर साइकिल मोबाइल व बैग जिसमें कम्प्यूटर किट लूट लिया था। 3 फरवरी को थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र से सूरतगंज से वसूली कर जा रहे वृद्ध व्यवसायी से दो मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने धक्का देकर वसूली के 80 हजार रुपये लूट लिये थे। 8 जनवरी को बदोसरायं से ओवर टेक करके 2500 रुपये डरा धमकाकर लूट लिये थे। 22 नवम्बर 2015 को रामनगर के महादेवा में बोहनिय पुल पर एक व्यक्ति की मोटर साइकिल खराब हो गयी थी तीन मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने मोटर साइकिल बनाने के बहाने उसकी मोटर साइकिल लेकर फरार हो गये थे। इस घटना के खुलासे में थानाध्यक्ष सफदरगंज जैनुद्दीन अंसारी, स्वाट टीम प्रभारी जावेद इकबाल खान, सर्विलांयस सेल प्रभारी शिवनेत्र सिंह एवं निरीक्षक राजकुमार चौधरी ने उक्त शातिर बदमाशों को कल्यानी नदी पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को उत्साह वर्धन हेतु एसपी द्वारा पांच हजार नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने की घोषणा की।
