बेनी के जन्मदिन पर तीस निर्धन कन्याओं का होगा सामूहिक विवाह
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/blog-post_944.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। पूर्व केन्द्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के जन्म दिन पर 11 फरवरी को मोहन लाल वर्मा डिग्री कालेज के मैदान में गत् वर्षो की भांति इस वर्ष भी सामूहिक निकाह, विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिसमें 30 निर्धन कन्याओं का विवाह सम्पन्न कराया जायेगा। इस मौके पर पूर्व कारागार मंत्री राकेश वर्मा व उनकी धर्म पत्नी सुधा वर्मा वर व कन्याओं को उपहार प्रदान करेगी। श्री राम वाटिका के निदेशक वीरेन्द्र सिंह ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया है कि इस कार्यक्रम में 30 कन्याओं का विधिविधान से विवाह सम्पन्न कराया जायेगा और उन्हें कई उपहार प्रदान करके विदा किया जाएगा। सामूहिक विवाह, निकाह समारोह में वर और कन्याओं के चयन की प्रक्रिया हरिप्रसाद वर्मा और प्रदीप सारंग द्वारा पूर्ण कर ली गयी है और सम्बंधित को बुलावा भी भेज दिया गया है। मो. सबाह प्रतिनिधि पूर्व सांसद ने बताया है कि 11 फरवरी को बेनी प्रसाद वर्मा के जनपद आगमन पर हाइवें के असेनी मोड़ पर कार्यकर्ताओं द्वारा प्रातः 11 बजे भव्य स्वागत किया जायेगा। असेनी मोड़ पर जिले के कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहेगें। असेनी मोड़ से कुरौली, आलापुर होते हुए मोहन लाल वर्मा डिग्री कालेज पहुॅच कर सामूहिक विवाह, निकाह समारोह में भाग लेगें। श्री वर्मा के जन्म दिन पर चौधरी चरण सिंह कृषि महा विद्यालय की प्रबंधक सुधा वर्मा द्वारा जिला चिकित्सालय में फल वितरण किया जायेगा। स्व. राम कली मेमोरियल ट्रस्ट की प्रबंधक रेनू वर्मा व श्री वर्मा के पौत्र रवि वर्मा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिेरौलीगौसपुर में कम्बल, फल व मिठाई का वितरण किया जाएगा।

