पॉलीथीन पर DM सख्त, टास्क फोर्स गठित
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/dm_2.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। जिलाधिकारी अजय यादव ने उ0प्र0 शासन द्वारा प्रतिबंधित की गई पॉलीथीन की थैलियों को जिले में प्रतिबंधित करने व उसकी निगरानी करने के लिए तहसील स्तरीय अधिकारियों की टास्क फोर्स गठित कर दी है। यह टास्क फोर्स किसी प्रकार के थोक व फुटकर दुकानदारों, ठेलो फेरी व रेवड़ीवाले दुकानदारों द्वारा खाद्य पदार्थ अथवा अखाद्य पदार्थाें के भण्डारण व वितरण की निगरानी करेगा और यह टास्क फोर्स अपने-अपने क्षेत्र पॉलीथीन के प्रतिबंधित किये जाने का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए क्षेत्र में भ्रमण कर छापामारी की कार्यवाई करायेगा। प्रदेश शासन की अधिसूचना के अनुसार जिलाधिकारी अजय यादव शासनादेश का अनुपालन कराने व पॉलीथीन की थैलियों को रोकने के लिए प्रत्येक तहसील के उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी को टास्कफोर्स का अध्यक्ष एवं राजस्व विभाग से तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा पुलिस विभाग से तहसील क्षेत्र के सभी थाने के थानाध्यक्ष, स्थानीय निकाय से क्षेत्र के सभी नगर पंचायतों व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और खाद्य औषधि विभाग से खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा पूर्ति विभाग से पूर्ति निरीक्षक को टास्क फोर्स का सदस्य बनाया गया है। यह टास्क फोर्स अपने-अपने क्षेत्र में पॉलीथीन की थैलियों, कैरी बैग को रोकने हेतु प्रचार-प्रसार कराते हुए क्षेत्र में भ्रमण कर छापामारी की कार्यवाई करेगा। यह टास्क फोर्स कृत कार्यवाई की पाक्षिक रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को देगा।

