DM ने कार्यक्रमों की प्रगति समीक्षा करते हुये अधिकारी को दिये निर्देश
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/dm_45.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। जिलाधिकारी अजय यादव ने शासन के नवीन विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की प्रगति समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में बचे बहुत कम समय को देखते हुए लक्ष्य को पूरा करने के लिए तेजी से काम करें। उन्होने कहा कि जिन योजनाओं को पूरा करने के लिए धनराशि की कमी हो, उसके बारे में तत्काल उनके संज्ञान में लाये। जिलाधिकारी डीआरडीए सभागार में विभिन्न विकास कार्यो की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होने वाणिज्य, आबकारी, स्टाम्प एवं निबन्धन, परिवहन, मनोरंजन एवं विद्युत विभाग के सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले माहों में लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व प्राप्ति न हो पाने की स्थिति में इस माह के लक्ष्य के साथ ही क्रमिक लक्ष्य की शत प्रतिशत राजस्व प्राप्ति कर ली जाये। जिलाधिकारी ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन अन्तर्गत नवीन उद्यान रोपण, मटर, आलू के बीज उत्पादन, पुष्प, मसाला क्षेत्र विस्तार सहित अन्य बागवानी कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। उद्यान अधिकारी द्वारा बताया कि इस कार्य में 65 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति की गयी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि औद्यानिक कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार प्रसार के मद्देनजर जिला उद्योग केन्द्र एवं किसान दिवस की बैठक में जिला उद्यान अधिकारी योजनाओं की जानकारी दे, जिससे उद्यमी और किसान उसका बेहतर फायदा उठा सके। जिलाधिकारी ने कुक्कुट विकास कार्यक्रम, कामधेनु, मिनी कामधेनु और माइक्रो कामधेनु योजना अन्तर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित कराने हेतु बैंकों से समन्वय कर सम्बन्धित लाभार्थियों, उद्यमियों को समय से ऋण दिलाकर उनकी यूनिट क्रियाशील कराये। जिलाधिकारी ने कुक्कुट विकास कार्यक्रम अन्तर्गत विपणन की समस्या बताये जाने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि अण्डा विपणन समस्या का अध्ययन कराये और रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पाइप लाइन पेयजल योजना, जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना, आसरा योजना, सहित अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी ए0के0सिंह, जिला अर्थ संख्या अधिकारी डा0 विनोद सिंह, सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

