शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें राजस्व लक्ष्य: DM
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/dm_8.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। जिलाधिकारी अजय यादव ने अधिकारियों को अभियोजन एवं प्रवर्तन कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिये है। उन्होेने कर एवं करेत्तर राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित किये जाने के भी निर्देश दिये है। जिलाधिकारी डीआरडीए सभागार में अभियोजन, प्रवर्तन एवं कर एवं करेत्तर मामले से सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ पिछले माह तक की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। जिलाधिकारी ने अभियोजन कार्यो की प्रगति की समीक्षा के दौरान डीजीसी सिविल, राजस्व एवं अपराध एवं अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्बन्धित न्यायालयों में मुकदमें किस स्टेज पर है, इसका संक्षेप में विवरण बना कर अगली बैठकों में प्रस्तुत किया जाये। उन्होने आपराधिक मुकदमों एवं राजस्व वादों के निस्तारण में प्रभावी ढ़ग से पैरवी कराने के निर्देश दिये। सिविल वादों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा के दौरान डीजीसी सिविल द्वारा अवगत कराया गया कि सम्बन्धित विभागों के कार्यालयाध्यक्षों द्वारा दायर वाद का उत्तर प्रस्तुत कराने में उदासीनता बरती जा रही है। जिलाधिकारी ने ऐसे अधिकारियों की रिपोर्ट मांगी है। उन्होने निर्देश दिया कि मुकदमों के निस्तारण हेतु प्रभावी ढ़ग से पैरवी करायी जाये। बैठक में प्रवर्तन कार्यो की प्रगति की समीक्षा में खाद्य सुरक्षा, श्रम, आबकारी, खनन विभाग द्वारा प्रवर्तन कार्यवाही असन्तोषजनक पायी गयी। विद्युत विभाग में अधिशासी अभियन्ता फतेहपुर का प्रवर्तन कार्य ठीक नहीं पाया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी को निर्देश दिया गया कि श्रमिकों का पंजीयन कार्य में तेजी लाये और प्रभावी ढ़ग से प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में वाणिज्य कर, कृषि, परिवहन, मण्डी, सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के प्रवर्तन कार्यो की समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभागों के कर एवं करेत्तर राजस्व प्राप्ति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में फरवरी, 2016 तक के लिये निर्धारित क्रमिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति फरवरी के अन्त तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार, एडीएम हरिकेश चौरसिया, आईएएस प्रोबेशनर अर्चना वर्मा, सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

