MLC चुनाव की तैयारी, CDO ने सिखाया निष्पक्षता का पाठ
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/mlc-cdo.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बाराबंकी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन हेतु नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट एवं पीठासीन अधिकारियों सहित मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम डीआरडीए सभागार में सम्पन्न हुआ। मुख्य विकास अधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्देश दिया कि इस निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया को पूरी गहनता से समझ ले। उन्होने कहा कि स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं विधिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए अपने उत्तरदायित्वों का पूरी तरह निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होने सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट को भी मतदान के दिन के उनके उत्तरदायित्वों के सुनिश्चित किये जाने के सम्बन्ध में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों की जानकारी देते हुए अपेक्षा की कि निर्वाचन को शान्तिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराये। मतदान कार्मिक प्रभारी/जिला विकास अधिकारी ए0के0सिंह और जिला अर्थ संख्या अधिकारी डॉ0विनोद सिंह द्वारा पीठासीन अधिकारियों के दायित्वांे एवं अधिकारों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। पीठासीन अधिकारियों से अपेक्षा की गयी कि पारदर्शिता के मद्देनजर मतदान अभिकर्ताओं को ऐसे स्थान पर बैठाया जाये, जहंा से वे मतदान केन्द्र के अन्दर की कार्यवाही देख सके। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन में मतदान प्राथमिकता मत के आधार पर किया जायेगा, जिसमें मन पसन्द के प्रत्याशी को 1, 2, 3, 4, आदि प्रकार से मत अंकित किया जायेगा। किसी भी मतदाता की पहचान अथवा अन्य विवरण के सम्बन्ध में आपत्ति होने पर 2 रू0 की नगद धनराशि जमा करने पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी। मतदान समाप्ति की निर्धारित समय के कुछ समय पूर्व मतदान हेतु प्रतीक्षा कर रहे मतदाताओं के बीच पीठासीन अधिकारी द्वारा घोषणा की जायेगी और लाइन में लगे मतदाताओं को हस्ताक्षर युक्त पर्ची बांटकर लाइन में लगे समस्त मतदाताओं का मतदान कराया जायेगा। मतदान समाप्ति के बाद मतपेटी सील की जायेगी। उस समय यदि कोई उपस्थित मतदान अभिकर्ता मुहर लगाना या हस्ताक्षर करना चाहे, तो कर सकेगा। पीठासीन अधिकारी द्वारा मतदान सम्बन्धित कार्रवाई को डायरी में नोट किया जायेगा और उसमें सभी घटनाओं का उल्लेख किया जायेगा।

