20 अप्रैल को विधानसभा का घेराव करेगा मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/20_26.html
जौनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने अपनी 3 सूत्रीय मांगों को लेकर आगामी 20 अप्रैल को विधानसभा का घेराव किये जाने के संदर्भ में शनिवार को जिलाधिकारी के माध्यम से 3 सूत्रीय मांगों का पत्रक सौंपा। पत्रक के अनुसार बेसिक शिक्षा विभाग में मृतक आश्रित कर्मचारी उच्च योग्यता रखते हुये चतुर्थ श्रेणी पद पर कार्य कर रहे हैं। इस संदर्भ में संघ पिछले कई वर्षों से आंदोलित है। बीते 15 मार्च को बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन द्वारा आश्वासन दिया गया था कि मृतक आश्रित कर्मचारियों को शासनादेश शीघ्र ही निर्गत हो जायेगा लेकिन आज तक कुछ नहीं हो सका। संघ की मांग के अनुसार बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत मृत आश्रित, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जो स्नातक/परास्नातक हैं, को पूर्व की भांति सेवारत प्रशिक्षण दिलाते हुये टीईटी में अवसर दिया जाय। पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत मृतक आश्रित, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पदनाम, कार्यालय/विद्यालय सहायक किया जाय। पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरतों जो इण्टरमीडिएट हैं, उन्हें लिपिक पद पर पदोन्नति दी जाय। पत्रक सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह, दीप नरान, कुमैल हैदर, राजाराम, रघुवर सेठ के अलावा अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

