रोजगार प्रदान कर बेरोजगारी उन्मूलन का कार्य कर रहा डूडा
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_228.html
जौनपुर। बेरोजगारी आज हर देश व प्रदेश की समस्या है। बेरोजगारी के कारण हमारे युवा रोजगार की तलाश में अपना वतन तक छोड़कर अन्य देशों में जाकर नौकरी कर रहे हैं। ऐसे में जनपद स्तर पर डूडा विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के घटक कौशल प्रशिक्षण एवं सेवायोजन के माध्यम से रोजगार कार्यक्रम के अर्न्तगत शिक्षित बेरोजगारों को विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार प्रदान कर बेरोजगारी के उन्मूलन में प्रयासरत है। उक्त बातें उमाकान्त त्रिपाठी नगर मजिस्ट्रेट/शहर परियोजना अधिकारी राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन डूडा ने कही। वे सोमवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा आयोजित रोजगार मेला एवं जागरूकता कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर के शिक्षित बेरोजगार डूडा द्वारा संचालित कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठावें। परियोजना अधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण संस्था उद्योग विकास संस्थान वाराणसी तथा संजीवों टेक्नोलॉजिकल सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली द्वारा विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित किये गये प्रशिक्षणार्थियों को इस रोजगार मेले में उनके इच्छानुसार जनपदों में प्लेसमेन्ट कम्पनियों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा और ऐसे प्रशिक्षणार्थी जो अपना स्वयं का रोजगार करना चाहते हैं, उन्हें डूडा द्वारा संचालित योजना के अर्न्तगत बैंकों से ऋण दिलाया जायेगा। मेले में आये विभिन्न कम्पनियों ने 355 प्रशिक्षणार्थियों के चयन हेतु साक्षात्कार प्रारम्भ कर दिया है। कार्यक्रम में सैयद मो. अब्बास, सहायक परियोजना अधिकारी डूडा आरपी यादव, आदित्य सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उद्योग विकास संस्थान वाराणसी के सचिव अमर अग्रवाल ने किया। शहर मिशन मैनेजर मो. वसीम सिद्दीकी ने मेले में आये प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर बृजनन्दन स्वरूप, उषा राय, संदीप चौधरी आदि मौजूद रहे।

