गांधी ट्रस्ट के ट्रस्टी हेमंत शर्मा होंगे यश भारती सम्मान से विभूषित
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_479.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी एवं वरिष्ठ
पत्रकार हेमन्त शर्मा को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा यश भारती सम्मान दिए
जाने पर समाजवादी चिंतक राजनाथ शर्मा ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा
मुखिया मुलायम सिंह यादव एवं कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव का आभार व्यक्त
किया। उन्होने कहा कि यह पुरस्कार जितना हेमंत के लिए खुशी की बात है
उससे कहीं ज्यादा खुशी की लहर गांधी ट्रस्ट परिवार के लोगो में है।
श्री शर्मा ने बताया कि हिन्दी साहित्य जगत के महान लेखक पद्यश्री मनु
शर्मा के पुत्र हेमन्त शर्मा जिन्होने पत्रकारिता जगत में अपनी लेखनशैली
से नया कीर्तिमान स्थापित किया। वह वरिष्ठ पत्रकार स्व. प्रभाष जोशी के
समकालीन लोगों के शुमार है। जनसत्ता से पत्रकारिता शुरू करने के बाद
हिन्दुस्तान और फिर वर्तमान में इण्डिया टीवी के सम्प्रति निदेशक के पद
पर कार्यरत अपनी पत्रकारिता से लोकतंत्र मजबूत करने की दिशा में कार्य कर
रहे है।
श्री शर्मा ने बताया कि हेमंत की गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट की
गतिविधियों और स्मारिकाओं के प्रकाशन में अहम भूमिका रहती है। उनका सरल
स्वभाव एवं मिलनसार व्यक्तित्व ही पहचान है। हेमंत ने अपने पिता मनु
शर्मा द्वारा रचित पुस्तक द्रोपदी की आत्मकथा की प्रस्तावना में जिस
प्रकार डा. लोहिया का उल्लेख किया है वह उनके साहित्यिक और राजनैतिक
अध्ययन का एक बड़ा उदाहरण है। डा. लोहिया और समाजवादियों से उनका आत्मीय
लगाव है। हेमंत शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ’तमाशा मेरे आगे’ की
प्रस्तावना को लिखते हुये प्रख्यात हिन्दी साहित्यकार प्रोफेसर नामवर
सिंह ने हेमंत की लेखनी की सराहना करते हुये पुस्तक में ’हिरीस’ शब्द के
प्रयोग को हिन्दी शब्दावली का अनूठा शब्द बताया है। यही नही कैलाश और
मानसरोवर की यात्रा के बाद उस मार्मिक दृश्य को यात्रा वृतांत के रुप में
’द्वित्योनास्ति’ पुस्तक में उल्लेखित करना सदृश्य यात्रा में सम्मिलित
होने जैसा है।
श्री शर्मा ने बताया कि हेमंत जैसे होनहार साहित्यकार, लेखक एवं पत्रकार
को यश भारती सम्मान मिलना हिन्दी साहित्य जगत का एक महान घटनाक्रम है।

