सड़क दुघर्टना में आरक्षी समेत महिला की दर्दनाक मौत
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_68.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। बीती रात पीएसी आरक्षी की ड्यूटी से वापस लौटते समय सड़क
दुर्घटना में मौत हुई। आरक्षी 48वीं वाहिनी पीएसी सोनभद्र में कार्यरत था
तथा वर्तमान में वाराणसी में तैनात था। जनपद बस्ती के कोतवाली नगर
क्षेत्र के ग्राम टांगपारा निवासी रामजन्म यादव 30 वर्ष पुत्र रामफेर
यादव बनारस में तैनात था। कल छुट्टी लेकर वह घर वापस जा रहा था।
जनपद
अम्बेडकर नगर की कोतवाली टांडा-बसखारी के निकट उसकी बाइक एक अज्ञात वाहन
से टकरा गयी। जख्मी हालत में उसे अम्बेडकर नगर के संयुक्त चिकित्सालय ले
जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे फैजाबाद
रिफर कर दिया। फैजाबाद में चार-पांच घंटे इलाज के बाद उसे लखनऊ के ट्रामा
सेन्टर रिफर कर दिया गया। ट्रामा ले जाते समय बाराबंकी जनपद क्षेत्र में
उसकी रास्ते में मौत हुई। मृतक आरक्षी रामजन्म वर्ष 2006 में पीएसी में
भर्ती हुआ था। मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गया। पुलिस ने शव का
अन्त्य परीक्षण कराया। वहीं दूसरी घटना बीती रात गोण्डा-बाराबंकी मार्ग
पर थाना रामनगर क्षेत्र में सड़क पार करते समय एक अधेड़ महिला को अज्ञात
वाहन ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हुई। थाना रामनगर के ग्राम
दलसरांय निवासी अम्बिका प्रसाद की 50 वर्षीय पत्नी मायावती रात करीब 08
बजे घर से शौच के लिए निकली। वह राजमार्ग पार कर दूसरी ओर जा रही थी। तभी
एक अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का अन्त्य परीक्षण कराया।

