प्रेमी निकला राबिया का कातिल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_80.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। प्रेमी ही निकला विवाहिता प्रेमिका का हत्यारा थाना कोठी
क्षेत्र में बीते दो दिन पूर्व हुई एक विवाहिता की हत्या का आज पुलिस ने
राजफाश किया। पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने आज पुलिस लाइन्स सभा कक्ष में
प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता दौरान घटना का अनावरण किया। श्री हमीद ने
बताया कि थाना कोठी क्षेत्र के ग्राम असौरी में बीती एक मार्च को निवासी
मोहम्मद कलीम की बहू राबिया बानो उर्फ रानी की उसके घर में हत्या कर दी
गयी थी। हत्यारा उसका पूर्व प्रेमी था। पुलिस अधीक्षक श्री हमीद ने बताया
कि राबिया का प्रेमी मोहम्मद ताहिर पुत्र मुन्ने पहलवान निवासी मोहल्ला
कजियाना कस्बा व थाना सतरिख का मूल निवासी था। अभियुक्त ताहिर ने पुलिस
को पूछतांछ दौरान बताया कि राबिया और उसका प्रेम करीब पांच-छः वर्ष पूर्व
ग्राम बन्दगीपुर से शुरू हुआ। जहां राबिया अपनी रिश्तेदारी में गयी थी।
दोनों की मुलाकात इश्क परवान चढ़ने लगा और दोनों के बीच अवैध सम्बन्ध बन
गये। दो-तीन साल तक दोनों एक दूसरे के काफी करीब रहे। इसी बीच बाद ताहिर
की शादी हो गयी। इससे दोनों के बीच थोड़ी दूरी बन गयी। कभी-कभार दोनों के
बीच बातचीत हो जाती थी। वक्त बदला और ताहिर की आर्थिक स्थिति बिगड़ गयी।
ताहिर थाना सतरिख क्षेत्र के ग्राम मरखापुर में एक आम की फसल की बाग
खरीदना चाहता था। इसके लिए उसने बैंक में लोन के लिए आवेदन किया, लेकिन
आवेदन मंजूर नहीं हुआ। इसी बीच उसके दिमाग में पूर्व प्रेमिका राबिया की
दौलत का ख्याल आया। इसी बात को दिमाग में रखकर उसने फिर से पिछले करीब 15
दिनों पूर्व से राबिया से फोन पर सम्पर्क करना शुरू किया। दोनों के बीच
चूंकि पूर्व में सम्बन्ध रह चुके थे। इसलिए उनके बीच नजदीकियां जल्द ही
बन गयीं। बीती 29 फरवरी को मध्य रात्रि ताहिर लूट और हत्या के इरादे से
उसके घर गया। राबिया के बच्चे सो चुके थे। अपने प्रेमजाल में फांसकर
ताहिर ने उसके अलमारी में रखे गहने भी देखे। इसके बाद राबिया के हाथ
बांधकर उसके साथ अवैध सम्बन्ध बनाया। फिर चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर
दिया। दर्द से चीख न निकले, इसलिए उसके मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया। दर्द
से छटपटाई राबिया का पैर बगल में रखे बक्से पर रखा। बक्से की आवाज सुनकर
उसकी 10 वर्ष की बच्ची जग गई। इस पर भी राबिया उस पर झपटी, लेकिन उसने
चाकू से उसके पेट पर कई प्रहार कर दिये। चूंकि कमरे में अंधेरा था, इसलिए
उसकी बाइक की चाभी और मोबाइल मौके पर ही छूट गया। ताहिर मौके से तो भाग
निकला। लेकिन सुराग वहीं छोड़ चला। पुलिस ने ताहिर को बुधवार को हरख
चौराहा थाना जैदपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ दौरान
अभियुक्त ताहिर ने बताया कि जिस बाइक से वह राबिया से मिलने गया था, वह
उसके बहनोई जनपद लखनऊ के थाना गोमती नगर विस्तार निवासी मोहम्मद अतीक
पुत्र मोहम्मद शफीक की थी। उसे ताहिर ही प्रयोग करता था। पुलिस ने ताहिर
के विरूद्ध घर के अंदर घुसकर बलात्कार हत्या करने और शस्त्र अधिनियम की
धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेजा। पुलिस ने ताहिर के पास
से आलाकत्ल एक अदद खून लगा चाकू और घटना के समय पहनी हुई अभियुक्त की
शर्ट भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक श्री हमीद ने पुलिस टीम में शामिल
एसओ कोठी वकील सिंह यादव, एसआई हरिशंकर प्रजापति, एसआई सर्विलांस सेल
शिवनेत्र सिंह, सर्विलांस सेल आरक्षी दिलबहार यादव, बृजनाथ द्विवेदी,
आरक्षी नवीन कुमार को उत्साहवर्धन हेतु पांच हजार रूपये नकद पुरस्कार व
प्रशस्ति पत्र की घोषणा की है।
