दबंगो ने अधिवक्ता को लाठी-डण्डो से धुना, मुकदमा दर्ज
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_873.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। बीती रात तहसील से घर जा रहे बाइक सवार अधिवक्ता व उसके साथी
की एक दबंग प्रधान प्रतिनिधि ने साथियों के साथ जमकर लाठी-डन्डों से
पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, अधिवक्ता से नकदी भी लूट कर फरार हो गये।
अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। साथ
ही जख्मी अधिवक्ता व उनके साथी को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला थाना सुबेहा क्षेत्र का है। ग्राम थलवारा निवासी जयकरन शुक्ला
तहसील हैदरगढ़ में बतौर अधिवक्ता कार्य करते हैं। एडवोकेट श्री शुक्ला ने
अपने गांव में राशनकार्ड बनने में हो रही गड़बड़ी की शिकायत एसडीएम हैदरगढ़
से की थी। एसडीएम ने जांच के आदेश भी दे दिये। बीती रात जयकरन अपने एक
अन्य साथी शिवमगन रावत के साथ घर वापस लौट रहे थे। गांव के बाहर ही पहले
से घात लगाये बैठे प्रधान प्रतिनिधि रामानन्द सिंह ने अपने अन्य साथियों
के साथ लाठी डण्डों से लैस होकर इन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया।
दबंगों ने दोनों लोगों की जमकर धुनाई कर दी। बाइक को भी तोड़ डाला। इतना
ही नहीं, अधिवक्ता का मोबाइल और दो हजार रूपये नकदी भी लूट कर दबंग मौके
से फरार हो गये। पीड़ित किसी तरह अपने साथी के साथ रात ही में थाना सुबेहा
पहुंचा। जहां दबंगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़ितों को इलाज
हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनको
जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। आज सुबह सूचना मिलते ही तहसील बार
एसोसिएशन अध्यक्ष जसकरन तिवारी के नेतृत्व में वकील एकजुट हो गये और
प्रदर्शन किया। साथ ही एसडीएम हैदरगढ़ को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की
गिरफ्तारी की मांग की। सीओ हैदरगढ़ ने फोन पर वार्ता के दौरान बताया कि
मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
जायेगा।

