संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की ससुराल में हत्या व पत्नी घायल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_994.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के कटघरा गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। परिजनों ने युवक की हत्या किये जाने की आशंका जताई है। जनपद के थाना व कस्बा सतरिख निवासी मोहम्मद शरीफ 35 वर्ष वल्द हाजी बाशिद बीती शाम अपनी ससुराल फतेहपुर कोतवाली के ग्राम कटघरा गया हुआ था। उसकी पत्नी करीब पिछले पांच-छः महीने से अपने मायके में रह रही थी। बीती रात करीब दो बजे मृतक के बड़े भाई के पास कटघरा गांव से मृतक की साली ने फोन पर सूचना दी कि शरीफ ने स्वयं एवं अपनी पत्नी को चाकू मार लिया। जिससे उसकी मौत हुई और पत्नी को इलाज के लिए ले जाया जा रहा है। फोन पर सूचना मिलते ही मृतक के परिजन कस्बा सतरिख से फतेहपुर के ग्राम कटघरा सुबह करीब सात बजे मौका-ए-वारदात पर पहुंचे। मृतक के भाई के अनुसार, मृतक शरीफ का पेट पूरी तरह फटा हुआ था। उसका हाथ भी कटा हुआ था। जबकि उसकी पत्नी का इलाज कहां हो रहा है कि इसका सही उत्तर मायके पक्ष ने नहीं दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने लड़की पक्ष पर शरीफ की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मृतक अपने पीछे दो लड़कियां और एक लड़का छोड़ गया।

