श्रीराम लला की 15 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/15_13.html
जौनपुर। श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम लला की भव्य शोभायात्रा 15 अप्रैल को धूमधाम से निकाली जायेगी। इस बाबत युवा बजरंग दल शोभायात्रा समिति की बैठक चहारसू चौराहे पर स्थित कैम्प कार्यालय पर श्रवण चौरसिया की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर महासचिव संजीव चौरसिया ने बताया कि 15 अप्रैल की सायं 3 बजे रेलवे स्टेशन भण्डारी से शोभायात्रा निकलेगी जो सुतहट्टी बाजार, कोतवाली, चहारसू, ओलन्दगंज होते हुये कजगांव पड़ाव पर पहुंचकर समाप्त हो जायेगी। सुबाष गर्ग ने बताया कि शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, बैण्ड-बाजे, आकर्षक झांकी, अखाड़े रहेंगे तथा पूरे शोभायात्रा मार्ग पर ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाये जायेंगे जिसका संचालन कोतवाली चौराहे पर बनाये गये नियंत्रण कक्ष से होगा। अन्त में संरक्षक सुशील वर्मा एडवोकेट ने समस्त स्वयंसेवी संगठनों व व्यक्तियों से हर बार की तरह विशेष सहयोग प्रदान करने की अपील की है। इस अवसर पर मुन्ना लाल सेठ, मनोज सोनी, अविनाश गुप्ता, सुधीर साहू बोल बम, राजकुमार सेठ, संतोष कुमार, डा. भइया जी वर्मा, कमलेश जी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

