सड़क हादसों में तीन बाइक सवार जख्मी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/blog-post_293.html
बाराबंकी। थाना रामनगर क्षेत्र अंतर्गत नथनापुर पुल के निकट एक टाटा मैजिक ने बाइक सवार किशोर को जबरदस्त ठोकर मारी। जिसके चलते बाइक सवार गंभीर रुप से जख्मी हुआ। घायलावस्था मंे उसे जिला चिकित्सालय इलाज हेतु लाया गया। थाना रामनगर के ग्राम रामपुर महासिंह निवासी अमरीका यादव 18 वर्ष पुत्र रामतेज घर से किसी काम से रामनगर जाने के लिए निकला। तभी नथनापुर पुल के निकट एक तेज रफ्तार अनियंत्रित टाटा मैजिक वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमरीका करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसलता चला गया। गम्भीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार प्रचलित है। चिकित्सकों के अनुसार, अमरीका के चेहरे और पैर में गम्भीर चोटें आयी हैं। इसी क्रम में, थाना रामनगर क्षेत्र में अपनी बहन को विदा कराने जा रहे एक किशोर सहित दो लोग सड़क हादसे में गम्भीर रूप से जख्मी हुए। जख्मी हालत में दोनों लोगों को सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया। जहां एक की हालत गम्भीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली फतेहपुर के ग्राम इब्राहीमपुर निवासी शुभम 15 वर्ष पुत्र विनोद कुमार अपने एक मित्र सूरज 20 वर्ष पुत्र महेश के साथ अपनी बहन को विदा कराने कुम्हरावां जा रहा था। तभी अमोली ग्राम के निकट एक तेज रफ्तार पिकप वाहन ने उसे साइड से ठोकर मार दी। जिससे दोनों लोग बाइक सहित काफी दूर जा गिरे। जख्मी हालत में उन्हें सीएसी रामनगर में भर्ती कराया गया। जहां शुभम की गम्भीर हालत देखते हुए जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, शुभम के पैर में गम्भीर चोट लगी है। जिला चिकित्सालय में उसका इलाज प्रचलित है।
