aajtaktimes

बसपा कार्यकर्ता की हत्या कर शव फेंका

बीघापुर (उन्नाव)। बिहार थानाक्षेत्र के बैजुवामऊ गांव निवासी अधेड़ बसपा नेता की हत्या कर शव बीघापुर रेलवे स्टेशन के पास फेंक दिया। शुक्रवार सुबह लोगों की नजर पड़ी तो वहां मजमा लग गया। मृतक के सिर पर गहरे घाव और चेहरे पर कुचलने के निशान थे।
शव के पास ही लोहे की एक जंजीर भी पड़ी मिली। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी ने पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी। बेटे ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
 बैजुवामऊ निवासी गंगाराम (50) पाटन तहसील में टाइपिस्ट का काम करता है। वह गांव का प्रधान भी रह चुका है और बहुजन समाज पार्टी का कार्यकर्ता था। मृतक के बड़े बेटे राजेंद्र के अनुसार उसके पिता को गुरुवार को पुरवा के रायखेड़ा स्थित भांजे के मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जाना था। दोपहर बाद करीब तीन बजे तक तहसील में रहे और फिर वहां से पुरवा जाने के लिए निकले थे। शुक्रवार सुबह जीआरपी ने पिता का शव मिलने की सूचना दी। उधर, जीआरपी थाने के एसआई ओम प्रकाश वर्मा ने बताया कि बीघापुर स्टेशन मास्टर अयोध्या प्रसाद ने मेमो भेजकर शव पड़ा होने की जानकारी दी थी। मृतक की जेब से कागज और कुछ प्रार्थनापत्र मिले जिनसे उसकी पहचान हुई। उन्होंने बताया कि शव ट्रैक से कुछ दूरी पर पड़ा था और उसके सिर व चेहरे पर गहरी चोटें थीं। उन्होंने बताया कि उसकी जेब में उन्नाव से पाटन का एक टिकट भी था। पुलिस के अनुसार गंगाराम के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पीएम रिपोर्ट और तफ्तीश के आधार पर  कार्रवाई की जाएगी। बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राम विलास गौतम ने बताया कि मृतक गंगाराम बसपा कार्यकर्ता था। पूर्व में वह विधान सभा क्षेत्र में पदाधिकारी भी रह चुका है। उन्होंने घटना की गहन जांच की मांग की है।

Related

news 1584541346833073844

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item