केन्द्र सरकार के माथे पर कलंक है विदेशों में भारतीयों की हत्याः डा. ब्रजेश यदुवंशी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/blog-post_410.html
जौनपुर। विदेश में शिक्षा ग्रहण करने वाले भारतीय छात्रों की हत्या भारत सरकार के माथे पर कलंक है। यूक्रेन में छात्रों की हत्या इसका ताजा उदाहरण है। उक्त बातें भारतीय भाषा संस्थान के एसोसिएट प्रोफेसर डा. ब्रजेश यदुवंशी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कही। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के एक मेडिकल कालेज में बीते सोमवार को दो भारतीय छात्रों की चाकू घोंप करके हत्या कर दी गयी जो पूरी तरह से एक घिनौनी हरकत है। ऐसा नहीं है कि यह पहली बार हुआ है, क्योंकि इसके पहले भी अमेरिका, आस्टेªलिया सहित कई अन्य देशों में भारतीय छात्रों पर हमले हो चुके हैं जिसमें कई छात्रों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास व भारत सरकार को चाहिये कि ऐसी हिंसक घटनाओं पर रोक लगाने के लिये सख्ती के साथ अपना रूख स्पष्ट करें, अन्यथा आये दिन हो रही ऐसी घटनाओं पर रोक लगा पाना मुश्किल हो जायेगा। डा. यदुवंशी ने कहा कि ऐसी घटना के बाद सरकार व दूतावास यह कहती है कि मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हम उन्हें हर मदद का वादा करते हैं। बकौल डा. यदुवंशी- मैं पूछना चाहता हूं कि सरकार क्या करेगी? जिनके बच्चे इस दुनिया से चले गये हैं, उनको सरकार वापस ला सकती है क्या? अन्त में डा. यदुवंशी ने कहा कि भारत सरकार से मेरी अपील है कि भारतीय छात्रों की सुरक्षा हेतु सभी देशों को अपने दूतावास के माध्यम से इस आशय का पत्र भेजा जाय कि सुरक्षा की सारी जिम्मेदारी उस देश की है जहां हमारे देश के बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

