aajtaktimes

कालाबाजारी के लिये ले जाये जा रहे अनाज को ग्रामीणों ने पकड़ा

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बैजारामपुर गांव में बीती रात कोटेदार द्वारा कालाबाजारी के लिये ले जाये जा रहे खाद्यान्न को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अनाज व तेल को कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने उपजिलाधिकारी सदर के निर्देश पर कोटेदार के खिलाफ कार्यवाही भी कर दिया। उक्त कोटेदार द्वारा काफी दिनों से कालाबाजारी की जा रही थी जिससे नाराज होकर कार्डधारक भी उसे रंगेहाथ पकड़ने की जुगत में थे। मालूम हो कि बैजारामपुर गांव निवासी रामधारी गौतम पिछले 4-5 साल से कोटा चला रहा है। ग्रामीणों ने कई बार सम्बन्धित अधिकारियों से कोटेदार द्वारा की जा रही मनमानी की शिकायत किया। ग्रामीणों का आरोप था कि कोटेदार अनाज, तेल, चीनी की कालाबाजारी करता है। शिकायत को उच्च अधिकारियों ने गम्भीरता से नहीं लिया और न ही कोई सकारात्मक कदम उठाया। इससे नाराज ग्रामीणों ने कोटेदार की मनमानी रोकने की योजना बनायी और कोटेदार की पहरेदारी शुरू कर दी। शनिवार की रात 9 बजे कोटेदार ने धोखे से एक वाहन चालक को बुलाया और कहा कि घर का सामान है जिसे बाजार ले चलना है। कोटेदार ने वाहन पर सामान लादकर स्वयं मोटरसाइकिल से आने की बात कही। गाड़ी गांव से लगभग 100  मीटर दूर पर निकली थी कि तभी पहले से पकड़ने की प्रतीक्षा में बैठे 35-40 की संख्या में ग्रामीणों ने कालाबाजारी करने के लिये जा रहे अनाज को पकड़ लिया। हालांकि मौके की नजाकत को देखते हुये कोटेदार मौके से फरार हो गया। फिलहाल उपजिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को सरायख्वाजा थाना पुलिस ने खाद्यान को कब्जे में लेकर कोटेदार के खिलाफ कार्यवाही करते हुये चालान न्यायालय भेज दिया।

Related

UP 3685641704765277621

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item