बसपा का मानसिक दबाव, भाकियू नेता ने लगायी फांसी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/blog-post_693.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। थाना कुर्सी क्षेत्र में आज एक भाकियू अराजनैतिक (भानु) के महामंत्री ने फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त की। मृतक के पिता ने विधानसभा कुर्सी से बसपा प्रभारी आरपी सिंह को अपने बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा। मृतक के पिता की तहरीर पर नेता के विरुद्ध आत्महत्या के लिये प्रेरित करने की धारा दर्ज कर ली गयी है। थाना क्षेत्र ग्राम अमरसण्डा निवासी मो. फैज (28) पुत्र अफजाल बीती रात अपने घर में देर रात से सोने गया। सुबह जब उसकी मां ने आवाज लगायी तो अंदर कमरे से कोई आवाज नही आयी। जैसे ही वह कमरे में घुसती है, फैज का शव पंखे से लटकता हुआ दिखाई पड़ता है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी जाती है। मृतक के पिता अफजाल ने बताया कि बीती रात फैज देर रात करीब 11 बजे हम लोगों के पास बैठा और कहा कि आरपी सिंह ने पहले दो फर्जी मुकदमों में फसा दिया और अब साजिश रचकर गैंगेस्टर के फर्जी मुकदमें में फसा दिया। अब्बा, समाज में मेरी बहुत बदनामी हो रही है। आरपी सिंह और उसके सहयोगी मुझे परेशान कर रहे हैं। धमका रहे हैं।
कहते हैं तुम्हारा जीना हराम कर देंगे। मृतक के पिता ने विश्वास जताया है कि फैज ने आरपी सिंह द्वारा दी जा रही मानसिक प्रताड़ना के चलते आत्महत्या की। इधर भाकियू (भानु गुट) जिलाध्यक्ष नसीर लाला ने कहा कि बसपा प्रत्याशी द्वारा लगातार फैज को प्रताड़ित किया जाता रहा। जिलाध्यक्ष के अनुसार ग्राम बहरौली में आरपी सिंह को एक किसान की जमीन खरीदवायी गयी थी। जिसको लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। जमीन के गवाहों पर ही आरपी सिंह ने पुलिस से मिलकर फर्जी मुकदमा लिखवा दिये। सूत्रों की माने तो, जो जमीन का मामला सामने आ रहा है। उसमें दोनो पक्ष आपस में मिले हुए थे। दोनो पक्ष जमीन बेचने वाले किसान का नाम बताने से कतराते नजर आये। जमीन की कीमत करीब आधा करोड़ आंकी जा रही है। आरोपी बसपा प्रभारी आरपी सिंह ने फोन पर वार्ता के दौरान बताया कि मुझे राजनीति के चलते फसाया जा रहा है। जमीन की खरीद में मेरे साथ इन लोगों ने घपला भी किया। मेरा 40 लाख से अधिक रुपया इसी जमीन के चलते डूब गया। मैने किसी को मानसिक, शारीरिक या आर्थिक किसी भी प्रकार की प्रताड़ना नही दी है। यह सब कुछ समाजवादी पार्टी की गंदी राजनीति के कारण हो रहा है। मुझे राजनीति से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी बसपा प्रत्याशी ने बताया मेरे ऊपर लगाये गये सारे आरोप बेबुनियाद है। आज तक मेरे परिवार के एक भी सदस्य पर कोई मुकदमा नही रहा है। इस मौत ने राजनीतिक रंग ले लिया। एमएलसी राजेश यादव सूचना मिलते ही अंत्य परीक्षण ग्रह फैज के परिजनो से मिलने पहुंचे। श्री यादव ने कहा कि दोषी कोई भी हो सजा मिलनी चाहिये। साथ ही इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।

