प्रधानाध्यापक की दबंगई से परेशान ग्रामीणों ने बीएसए से की शिकायत
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/blog-post_853.html
जौनपुर। जनपद के विकास खण्ड सिकरारा के ग्राम पंचायत बढ़ौली नोनियान में स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक इस समय खासे चर्चा में हैं। उनकी दबंगई व मनबढ़ई के चलते जहां अभिभावक परेशान हैं, वहीं उनके द्वारा विद्यालय पर समय से न पहुंचने पर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इसी को लेकर ग्रामवासियों ने सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर लिखित रूप से शिकायत करते हुये उनके खिलाफ कार्यवाही करने की मांग किया है। सौंपे गये पत्रक के अनुसार बीते 12 अप्रैल को शिकायत पर ग्रामवासी प्रातः साढ़े 8 बजे विद्यालय पहुंचे जहां देखे कि खाना बनाने वाली अन्नू देवी व प्रमीला गुप्ता प्रार्थना करा रही थी। यह देख ग्रामवासी प्रधानाध्यापक सहित अन्य के बारे में पूछे तो उक्त महिलाओं ने बताया कि वह विलम्ब से आते हैं जिस पर हम लोग प्रार्थना करा देते हैं। उक्त विद्यालय की इस विडम्बना को देखकर उपस्थित ग्रामवासी दंग रह गये जिन्होंने इसके बारे में प्रधानाध्यापक से पूछताछ किया तो वह दबंगई करने लगे जिससे सभी ग्रामवासी सहम गये। अन्त में सभी लोग जिला मुख्यालय आकर बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर लिखित रूप से शिकायत करते हुये उक्त प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग किया। शिकायत करने वालों में हरिश्चन्द्र तिवारी, सुबाष यादव, शारदा प्रसाद, रामबली, सूरज गौड़, सुशीला देवी, चन्द्रशेखर चौहान, धर्मेन्द्र यादव, मुकेश यादव, जिलेदार विश्वकर्मा, मनीराज, श्यामू लाल के अलावा अन्य लोग प्रमुख रहे।

