aajtaktimes

इब्राहीमपुर के सात घरों में लगी आग, मासूम बच्ची झुलसी, मौत


अजमी रिज़वी
बाराबंकी। थाना रामनगर क्षेत्र में बीती रात अज्ञात कारणों से लगी आग में
जलकर एक साढ़े तीन वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हुई। साथ ही करीब सात घरों
की गृहस्थी खाक हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर
पहुंचा। लेकिन जब तक दमकल विभाग पहुंचता तब तक सब खाक हो चुका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना रामनगर क्षेत्र के ग्राम होरी का पुरवा
मजरे इब्राहीमपुर निवासी धनीराम के घर बीती रात अज्ञात कारणों सेे आग लग
गयी। जिस समय आग लगी, उस वक्त घर में लोग सो रहे थे। आग की लपटें जब तेज
हो चलीं तब घर वालों को जानकारी हुई। इसी बीच चली हवा से आग दूसरे घरों
की ओर बढ़ने लगी। जब तक धनीराम और अन्य ग्रामीण कुछ समझ पाते तब तक उसका
घर धू-धू कर जलने लगा। चूंकि घर के बाहर बंगले पर छप्पर पड़ा हुआ था।
इसलिए आग विकराल हो उठी। उसी के नीचे धनीराम की साढ़े तीन वर्षीया पुत्री
सावित्री सो रही थी। बच्ची उस आग में फंस गयी और देखते ही देखते आग की
तेज लपटों ने उसे आगोश में समां लिया। इसके बाद आग ने गांव के कई और घरों
को अपना निशाना बनाया। अग्निकाण्ड में लखन, ननकू, कमलेश, दिनेश, रूपरानी
के घरों की पूरी गृहस्थी खाक हो गयी। खाने-पीने के सामान से लेकर पहनने
के लिए कपड़े भी नहीं बचे। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम रामनगर आशुतोष
दुबे, क्षेत्राधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सहित पूरा
प्रशासनिक अमला पहुंच गया। एसडीएम ने कोटेदार एवं ग्राम प्रधान से
अग्निकांड के पीड़ितों के आवास एवं खाने-पीने की समुचित व्यवस्था करने के
निर्देश दिये। साथ ही लेखपाल को इस अग्निकांड में हुए नुकसान का आंकलन कर
जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिये। जिससे इनको प्रशासनिक सहायता प्राप्त
हो सके।

Related

UP 1222778611591514378

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item