उत्तर प्रदेश में 2 रिक्त सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/2_16.html
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा की जंघीपुर और बिलारी सीट के उपचुनाव के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। निवार्चन कार्यालय के सूत्रों ने यहां बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और अब तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि शाम 6 बजे तक चलने वाले मतदान की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबन्ध किए गए हैं। मतदान के दौरान किसी भी तरह की गडबडी को रोकने के लिए वीडियोग्राफी तथा अन्य एहतियाती उपाय किए गए हैं। राज्य विधानसभा के अगले साल होने वाले चुनाव से पहले हो रहे इन अन्तिम चुनावों को सूबे में सत्तारुढ समाजवादी पार्टी (सपा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की प्रतिष्ठा से जोडकर देखा जा रहा है। सपा सदस्यों के निधन की वजह से रिक्त हुई इन दोनो सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में भी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारे थे। गाजीपुर की जंघीपुर सीट सूबे के कैबिनेट मंत्री कैलाश यादव के निधन की वजह से रिक्त हुई थी। यादव का फरवरी में निधन हो गया था। मुरादाबाद की बिलारी सीट 64 वर्षीय विधायक हाजी इरफान की सड़क हादसे में मृत्यु की वजह से रिक्त हुई थी। मुरादाबाद जिले की बिलारी सीट में सपा और भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला हो रहा है। इस सीट के उपचुनाव के लिए पंजीकृत करीब 82 हजार दलित मतदाता निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेंगे। भाजपा ने पिछडे वर्ग के एक उम्मीदवार सुरेश सैनी तथा सपा ने दिवंगत विधायक के पुत्र मोहम्मद फहीम को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने दलित वर्ग के शिशुपाल जाटव को मैदान में उतारा है। इस सीट के लिए कुल 3 लाख 42 हजार मतदाता पंजीकृत हैं । इनमें करीब एक लाख मुसलमान और लगभग 40 हजार यादव बिरादरी के हैं। जंघीपुर सीट में मुख्तार अंसारी के नेतृत्व वाले कौमी एकता दल द्वारा सपा उम्मीदवार पूर्व मंत्री कैलाश यादव की पत्नी श्रीमती किसमतिया देवी का समर्थन करने का एलान किया है। इस क्षेत्र में भी सपा और भाजपा के बीच में मुख्य मुकाबला है। भाजपा प्रत्याशी रमेश सिंह के समर्थन में पिछले एक सप्ताह के दौरान केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा और सपा उम्मीदवार के प्रचार में राज्य के 10 से ज्यादा मंत्री जुटे रहे।
क्षेत्र से 2 लाख 79 हजार से ज्यादा मतदाता पंजीकृत हैं और 2012 में हुए राज्य विधान सभा के चुनाव में कैलाश यादव बसपा प्रत्याशी से केवल 4 हजार मतों से जीते थे। इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को महज 10 हजार वोट ही मिले थे। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए प्रशासन ने क्षेत्र में केन्द्रीय बलों और पीएसी की 5-5 कम्पनियां तैनात की हैं। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पुलिस और होमगार्ड जवानों को भी लगाया गया है।
क्षेत्र से 2 लाख 79 हजार से ज्यादा मतदाता पंजीकृत हैं और 2012 में हुए राज्य विधान सभा के चुनाव में कैलाश यादव बसपा प्रत्याशी से केवल 4 हजार मतों से जीते थे। इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को महज 10 हजार वोट ही मिले थे। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए प्रशासन ने क्षेत्र में केन्द्रीय बलों और पीएसी की 5-5 कम्पनियां तैनात की हैं। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पुलिस और होमगार्ड जवानों को भी लगाया गया है।

