ब्लाक निन्दूरा में शिक्षक अलंकरण समारोह में बोले मंत्री
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_169.html
बाराबंकी। विकास खण्ड निन्दूरा के ब्लाक संसाधन केन्द्र, कुर्सी में आज
सेवानिवृत्त शिक्षक अलंकरण एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
जिसमें बतौर मुख्य अतिथि प्राविधिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हाजी
फरीद महफूज किदवाई मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर सदस्य विधान परिषद
राजेश यादव एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रताप नारायण सिंह उपस्थित
रहे। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए मंत्री श्री
किदवाई ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का क्षेत्र व्यापक होता जा रहा
है। शिक्षकों का दायित्व निरन्तर बढ़ता जा रहा है। ऐसे में व्यापक क्षेत्र
को व्यापक स्तर पर सम्भालने के लिए शिक्षकों को न सिर्फ अपने दायित्व को
अच्छी तरह समझना होगा बल्कि छात्रों के मनोभावों को भी पढ़ना होगा। बतौर
विशिष्ट अतिथि पधारे सदस्य विधान परिषद राजेश यादव ने कहा कि आज इस
अलंकरण समारोह में सिर्फ सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान नहीं हुआ अपितु
उन बच्चों का भी परोक्ष रूप से सम्मान हुआ है, जिन्होनें इनसे शिक्षा
ग्रहण की। कारण स्पष्ट है क्योंकि जब बच्चा आगे बढ़ता है तो स्वाभाविक रूप
से शिक्षक का भी मान बढ़ता है। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ राष्ट्रीय
सचिव सुशील कुमार पाण्डेय ने कहा कि शिक्षक कभी भी सेवानिवृत्त नहीं
होता। आजीवन वह समाज को नई दिशा देता रहता है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक
संघ अध्यक्ष अरूणेन्द्र कुमार मुन्ना ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय शिक्षक
समाज की रीढ़ की हड्डी होते हैं। जीवन में शिक्षा का अंकुरण इन्हीं के
द्वारा किया जाता है। इस अवसर पर 09 सेवानिवृत्त शिक्षकों को जिला बेसिक
शिक्षा अधिकारी प्रताप नारायण सिंह ने अंगवस्त्र, श्रीमद् भागवत गीता एवं
स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय की
एसोसिएट प्रोफेसर डा. अपर्णा गोडबोले एवं डा. नीरज जैन ने भी संबोधित
किया। समारोह का संचालन उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक
कोषाध्यक्ष देवानन्द तिवारी ने बड़े ही रोचक ढंग से किया। इस अवसर पर
प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री किदवाई ने ब्लाक संसाधन केन्द्र परिसर की
चहारदीवारी एवं विधान परिषद सदस्य राजेश यादव ने गोष्ठी हाल बनवाने की
घोषणा की। समारोह में प्रमुख रूप से निन्दूरा ब्लाक प्रमुख चंद्रशेखर
गुप्ता, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह,
शिक्षामित्र संघ जिलाध्यक्ष विनोद वर्मा, अभिषेक गिरि, हरिप्रकाश शुक्ला,
शिवशंकर सिंह, संदीप वर्मा, ओमकार वर्मा, सत्येन्द्र भास्कर, अरूणेन्द्र
दीक्षित, उमाकान्त पाण्डेय, संजय कुमार आदि सम्मिलित रहे। समारोह में आये
हुए सभी शिक्षक एवं पदाधिकारियों के पेयजल की व्यवस्था आईवा सोसायटी
द्वारा की गई।

