हैदरगढ़ के टॉपर आदर्श गुप्ता हुए सम्मानित
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_293.html
बाराबंकी। राष्ट्रीय इण्टर कालेज रनापुर हैदरगढ़ के छात्र व हैदरगढ़ के
शिक्षा पुत्र आदर्श गुप्ता ने 95 प्रतिशत अंक पाकर हैदरगढ़ तहसील में टॉप
किया है। यही नहीं यदि लड़कों का परीक्षा परिणाम देखा जाये तो जनपद में भी
उसका प्रदर्शन ऐतिहासिक है। आदर्श को आज प्रधानाचार्य, शिक्षकों व
सामाजिक कार्यकर्ता राजू भैया ने सम्मानित किया।
हैदरगढ़ नगर पंचायत के कोठी मोहल्ले के रहने वाले आदर्श गुप्ता पुत्र
श्याम नारायण गुप्ता के पुत्र की कामयाबी पर आवाम में जश्न का माहौल है।
आदर्श राष्ट्रीय इण्टर कालेज में सांइस साइड से इण्टर का छात्र है। घोषित
परीक्षा परिणाम में इस छात्र ने 95 प्रतिशत अंक पाकर हैदरगढ़ तहसील में
टॉप किया है। जबकि शिक्षकों का दावा है कि बालक वर्ग में सम्भवता आदर्श
जिले में दूसरे नम्बर पर है। आज कालेज में आदर्श गुप्ता को प्रधानाचार्य
रामकुमार शुक्ला व सामाजिक कार्यकर्ता व जागो भारत के अध्यक्ष केके
द्विवेदी राजू भैया ने सम्मानित किया है। इस मौके पर श्री भैया ने आदर्श
का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वह वास्तव में हैदरगढ़ का शिक्षा पुत्र है
जिसने दिखा दिया कि प्रतिभा कभी संसाधनों का मोहताज नहीं होती। आदर्श की
सफलता से नगर व क्षेत्र के अन्य छात्र भी प्रेरणा लेंगे तथा भविष्य में
शिक्षा के क्षेत्र में नये आयाम गढ़कर हैदरगढ़ व बाराबंकी जनपद का नाम
प्रदेश में रौशन करेंगे। प्रधानाचार्य रामकुमार शुक्ला ने कहा कि आदर्श
की सफलता महत्वपूर्ण है जिससे पूरा विद्यालय परिवार गौरव महसूस कर रहा
है, वह अत्यन्त मेहनती छात्र रहा है। उसकी सफलता इस मायने में भी
महत्वपूर्ण है क्योंकि छात्रों का सेन्टर दूसरे विद्यालय में पड़ता है। 95
प्रतिशत अंको के साथ इण्टर की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले आदर्श गुप्ता
ने सिविल सेवा में जाने की इच्छा व्यक्त की है। उनका कहना है कि सिविल
सेवा के माध्यम से जिले प्रदेश व देश के विकास में अपना सहयोग देना चाहते
है। इस दौरान सफल छात्र आदेश वर्मा 91 प्रतिशत, राकेश कुमार 90 प्रतिशत,
विशाल तिवारी 90 प्रतिश, आलोक शर्मा 88 प्रतिशत की भी सराहना की गयी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि कालेज के 148 छात्रों में से 70 छात्र प्रथम
श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इस दौरान सम्मान व स्वागत समारोह में
शिक्षक रमाशंकर सिंह, राजेन्द्र गिरि, अवधेश तिवारी, लक्ष्मी प्रसाद, अमर
चतुर्वेदी, राकेश सिंह, ओम प्रकाश सैनी, संतोष वर्मा, विनोद वर्मा,
शारदेन्द्र त्रिपाठी, सुशील जायसवाल, भगत सिंह, अधिवक्ता कमल पाण्डेय,
श्यामू पाठक सहित इण्टर कालेज के अन्य शिक्षक व कर्मचारीगण उपस्थित थे।

