निरीक्षण में विद्यालयों में लटकता मिला ताला, गायब रहे गुरु जी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_398.html
जौनपुर। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गजराज प्रसाद यादव के निर्देश पर जिला टीसी प्रशिक्षक कृपाशंकर पाण्डेय व खण्ड शिक्षा अधिकारी संजीव सिंह ने बुधवार को आधा दर्जन परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं विद्यालयों पर ताला लटकता मिला तो कहीं गुरु जी ही गायब मिले। साथ ही कहीं शिक्षक बच्चों का इंतजार करते मिले। जानकारी के अनुसार दोनों शिक्षा अधिकारी आज सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर प्राथमिक विद्यालय बढ़ौली नोनियान पहुंचे जहां विद्यालय पर ताला लटकता मिला। कुछ बच्चे आये थे जो खेल रहे थे। यहां के प्रधानाध्यापक शिवशंकर यादव की मनमानी की शिकायत ग्रामीणों ने की थी जिस पर आज यह निरीक्षण कार्य हुआ। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बढ़ौली नोनियान पर छात्रों की संख्या नामांकन के हिसाब से कम था। ग्रामीणों ने बताया कि इस विद्यालय में लगभग ढाई सौ बच्चे हैं। यहां एक प्रधानाध्यापक सहित 5 शिक्षकों की तैनाती है। शिक्षक मनमानी करते हैं तथा कई दिन तो ऐसा होता है कि विद्यालय पर ताला लटकता रहता है। 7 बजकर 35 मिनट पर दोनों अधिकारी प्राथमिक विद्यालय फिरोजपुर प्रथम पहुंचे जहां भी ताला लटकता मिला। दोनों अधिकारी 8 बजे प्राथमिक विद्यालय जनेवरा पहुंचे तो वहां भी ताला लटक रहा था। वहीं दूसरी ओर प्राथमिक विद्यालय फतेहगंज द्वितीय में शिक्षक मीनाक्षी व श्याम दुलारी अनुपस्थित पायी गयीं। इस बाबत पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि यह निरीक्षण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गजराज प्रसाद यादव के निर्देश पर हुआ है तथा अनुपस्थित मिले शिक्षकों के खिलाफ कार्यवाही अवश्य होगी।

