आजमगढ में ग्राम प्रधान के घर हमला, दो को मारी गोली
आजमगढ़ । मेंहनगर क्षेत्र के गंजोर गांव में बुधवार की भोर में चुनावी रंजिश के चलते ग्राम प्रधान के घर पर असलहे के साथ चार युवकों ने धावा बोल दिया। युवकों ने ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। इस दौरान ग्राम प्रधान के दो समर्थक गोली लगने से घायल हो गए। प्रधान ने घायलों को मेहनगर सीएचसी पर भर्ती कराया,जहां से डाक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
मेहनगर थाने के गंजोर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर ग्राम प्रधान और विरोधियों के बीच दो दिन पूर्व फायरिंग होने से गांव में दहशत फैल गई थी। इस संबंध में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। इसके बाद भी पुलिस नहीं चेती। बुधवार को सुबह लगभग पांच बजे ग्राम प्रधान कमलेश सिंह के घर पर गांव के सत्येंद्र सिंह और चंदन यादव शौच से आने के बाद बैठे हुए थे।
इस बीच असलहे से लैस चार युवक धमक पड़े। ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। भागने पर दौड़ा कर गोली मारी दी और हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। गोली लगने से सत्येंद्र सिंह और चंदन यादव घायल हो गया। मेहनगर थानाध्यक्ष कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि चुनावी रंजिश के चलते हमलावरों ने दो युवकों को गोली मारी दी।
