बेटी के साथ हथकड़ी बांधे पिता की फोटो हुई वायरल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_572.html
चीन के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक शख्स अपनी बच्ची और खुद को हथकड़ियों से जकड़े हुए है। जिसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। ये तस्वीर उस चीन की हकीकत बयान करता है, जहां सामाजिक जीवन खतरे में है। ये वो हकीकत है, जो पुरुष-महिला लिंगानुपात के बिगड़ने की वजह से दिखाई पड़ रहा है। जी हां, ये पिता अपनी बच्ची के हाथों को हथकड़ियों में इसलिए जकड़ा है, ताकि कोई उसके कलेजे के टुकड़े को किडनैप न कर ले।आप सोच रहे होंगे कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किडनैपिंग। वो भी बच्चियों की। तो आपको बता दें कि चीन में परिवार नियोजन के जो कार्यक्रम दशकों पहले लागू किए गए थे, उसमें सिर्फ एक बच्चे को पैदा करने की ही अनुमति थी। इसकी वजह से चीनी परिवारों ने बेटों को प्राथमिकता दी और अब चीन में उन्हीं बेटों के लिए दुल्हनें खोजने से भी नहीं मिल रही। लिंगानुपात बिगड़ने की इसी त्रासदी की वजह से ये पिता खौफजदा है कि उसकी बेटी को कोई किडनैप न कर ले। ये किडनैपिंग शादी के लिए होने लगी है।
दरअसल, उस व्यक्ति ने एयरपोर्ट पर जेबकतरों से सावधान रहने की अपील के बाद अपनी बच्ची को सुरक्षित करना ज्यादा बेहतर समझा। चैन येन नाम के इस व्यक्ति का कहना है कि उसका बटुआ चला जाए, इसका उसे कोई गम नहीं। पर उसकी बच्ची सही सलामत होनी चाहिए। यहां बच्चियों को किडनैप करके बेच दिया जाता है, और उसे खरीदने वाला उससे शादी कर लेता है। ऐसा सबकुछ लिंगानुपात के बिगड़ने की वजह से है। अब जब दो साल पहले चीनी सरकार जागी है, तो उसने 2 बच्चों को पैदा करने की अनुमति दी है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में 33 मिलियन पुरुष महिलाओं के मुकाबले ज्यादा हैं। उन्हें शादी करने के लिए लड़कियां नहीं मिल रही है, जिसकी वजह से चीन के पड़ोसी देशों में बालिकाओं के अपहरण और उनकी चीन में तस्करी की गंभीर घटनाएं देखने को मिल रही है। यही वजह है कि उस पिता ने अपनी बेटी और खुद को हथकड़ियों में कैद कर रखा है, ताकि उसकी बेटी को शादी करने के लिए कोई अपहृत न कर ले।
