पुलिस ने स्वामी के दामाद, मुख्य सेविका को दबोचा
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_843.html
बाराबंकी। कोतवाली देवा के ग्राम हर्रई में स्वयं को मां काली का उपासक
बताकर आश्रम में आने वाली महिलाओं के साथ यौन शोषण करने वाले स्वामी
परमानन्द पर पुलिस का शिकंजा दिनो-दिन कसता जा रहा है। स्वामी परमानन्द
द्वारा आश्रम में आने वाली निःसंतान महिलाओं को संतानोत्पत्ति का
आशीर्वाद देने के नाम पर यौन शोषण किया जा रहा था। बीती 12 मई को कोतवाली
देवा में तैनात एसआई श्याम सुंदर बिन्द की तहरीर के आधार पर हवस के
पुजारी स्वामी परमानन्द पर विभिन्न सुसंगत धाराओ में मुकदमा दर्ज किया
गया। शनिवार की दोपहर आश्रम से स्वामी परमानन्द की मुख्य सेविका चंचला
पाठक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही राजधानी के जानकारीपुरम
विस्तार से स्वामी परमानन्द के दामाद जनपद सीतापुर के थाना संदना निवासी
पवन शुक्ला को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा गम्भीरता से इस मामले को लिया
जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, स्वामी परमानन्द की गिरफ्तार की गयी मुख्य
सेविका चंचला पाठक आश्रम में आने वाली महिलाओं को स्वामी के साथ हमबिस्तर
होने के लिये मानसिक रुप से तैयार करती थी। साथ ही यदि कोई महिला बाबा
द्वारा किये गये कुकृत्य का विरोध करने लगती, तो उसे भी चंचला ही बड़ी
सूझबूझ के साथ मना लेती। ताकि आश्रम के अंदर हो रहे कुकृत्य का खुलासा
जगजाहिर न हो पाये। पुलिस लगातार बाबा को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही
है। साथ ही स्वामी परमानन्द भी मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस
द्वारा स्वामी के सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। हालांकि
अभी तक स्वामी परमानन्द पुलिस की पहुंच से कोसों दूर बताया जा रहा है।

