डीएम व एसपी से मिला माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमण्डल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_985.html
जौनपुर। उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमण्डल प्रान्तीय मंत्री रमेश सिंह के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक गजराज प्रसाद यादव की कार्यप्रणाली के विरूद्ध जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि डीआईओएस अपने कार्यालय में शासन की मंशा के विपरीत सायं 5 बजे के पश्चात कभी-कभी बैठते हैं जिसके कारण आज तक 10 विद्यालयों के शिक्षक कर्मचारियों का मार्च माह का वेतन लम्बित है तथा जनपद के 125 प्रधानाचार्य शिक्षक/कर्मचारी 31 मार्च को अवकाश ग्रहण कर चुके हैं लेकिन दुर्भाग्य से 12 शिक्षकों का जीपीएफ पेंशन की पत्रावली आज तक उप शिक्षा निदेशक कार्यालय पंचम को प्राप्त नहीं करायी जा सकी है जिसके कारण शिक्षक कर्मचारियों में कुण्ठा व आक्रोश व्याप्त है। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वस्त करते हुये कहा कि अब डीआईओएस को अपने कार्यालय में प्रत्येक दिन बैठकर लम्बित कार्यों का निस्तारण करना होगा। इसी क्रम में शिक्षकों का दल आरक्षी अधीक्षक से मिलकर सुरेन्द्र दूबे प्रधानाचार्य थाना बरसठी के यहां गत दिवस हुई भीषण चोरी की घटना का पर्दाफाश करने की मांग किया जिस पर उन्होंने शीघ्र ही घटना का खुलासा का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमण्डल अध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह, डा. राकेश सिंह, जिला मंत्री सुधाकर सिंह, छोटे लाल यादव, अखिलेश सिंह, राजेश मिश्रा, शरद सिंह आदि शामिल रहे।

