aajtaktimes

सोनिया गांधी, केरल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ दीवानी मामला

तिरूवनंतपुरम: केरल की एक निर्माण कंपनी ने बकाया राशि का कथित रूप से भुगतान नहीं किए जाने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं के खिलाफ यहां एक अदालत में दीवानी मुकदमा दायर किया है। याचिकाकर्ता एक स्थानीय निर्माण कंपनी है और उसके वकील बाबू राज ने आज कहा कि हाल ही में दर्ज कराये गये मामले में सोनिया गांधी प्रथम प्रतिवादी हैं।
याचिकाकर्ता ने यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर नेय्यर में राजीव गांधी इंस्टीट्यूट आफ डेवलपमेंट स्ट्डीज परिसर के निर्माण में 2.8 करोड़ रूपए के बकाया के भुगतान की मांग की है। बाबू राज ने कहा कि केरल कांग्रेस के अध्यक्ष वी एम सुधीरन, पूर्व मुख्यमंत्री आेमन चांडी, पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रमुख और अभी विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीतला और संस्थान के निदेशक एच मुहम्मद मामले में अन्य प्रतिवादी हैं। परिसर का निर्माण केरल कांग्रेस ने कराया है। सोनिया गांधी ने 2013 में इसका उद्घाटन किया था।
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि केरल कांग्रेस ने अभी तक 2.8 करोड़ रूपए की लंबित राशि का भुगतान नहीं किया है।  मामले के बारे में पूछे जाने पर चेन्नीतला ने कहा कि लंबित राशि का जल्द ही भुगतान कर दिया जाएगा और मामला अदालत के बाहर सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ बिलों को लेकर भ्रम की स्थिति थी और ‘‘हम इसे सुलझा लेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यह मामला कांग्रेस अध्यक्ष को शामिल करने के लिए अनुचित और घटिया प्रयास है।
 उन्होंने कहा कि संस्थान बनाने वाले इंजीनियरों और काम कराने वाले ठेकेदार के बीच विवाद चल रहा है और ठेकेदार ने दीवानी मामला दायर किया है। उन्होंने कहा,‘‘इस मुद्दे का लगभग हल हो गया है। 24 घंटों के अंदर केरल कांग्रेस के नेतागण चेन्नीतला, वी एम सुधीरन और सभी पक्ष एक साथ बैठेंगे और मामले को सुलझा लेंगे। न कोई अपराध का मामला है और न ही भुगतान में किसी चूक का।’’

Related

UP 3205979011146220851

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item